बेटी के इलाज के लिए भटकते रहे परिजन
निज संवाददाता | नसरुल्लागंज
नगरके सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहीं अव्यवस्थाएं सुधरने का नाम नहीं ले रही हैं। यहां पर आए दिन इलाज कराने आने वाले मरीजों को कई समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। मरीजों को इलाज तो डॉक्टरों को ढूंढने के लिए भी यहां-वहां चक्कर काटने पड़ रहे हैं। ऐसा ही नजारा सोमवार को तब देखने को मिला जब एक पिता अपनी 15 वर्षीय पुत्री को कुत्ते के काटने पर गोद में लेकर उपचार के लिए अस्पताल प्रांगण में इधर-उधर भटकते हुए डॉक्टरों को ढूंढ रहा था।
पल-पलबिगड़ती जा रही थी तबीयत : क्षेत्रके गांव बाईसाद निवासी 15 वर्षीय पुत्री सविता यदुवंशी को गांव के एक आवारा कुत्ते ने काट दिया, जिससे बालिका गंभीर रुप से घायल हो गई। परिजनों ने गंभीर अवस्था में सविता को उपचार के लिए नसरुल्लागंज अस्पताल लाए, लेकिन यहां पहले से दर्जनों की संख्या में मौजूद मरीज डॉक्टरों का इंतजार करते पाए गए। लगभग साढ़े दस बजे तक अस्पताल में एक भी डॉक्टर के नहीं मिलने से बालिका की तबीयत पल-पल बिगड़ती जा रही थी। अस्पताल के कुछ स्वास्थ्यकर्मियों से पूछताछ में परिजनों को पता चला कि डॉक्टर अपने निवास स्थल पर ही मरीजों का इलाज कर रहे हैं तो परिजन गंभीर अवस्था में सविता लेकर अस्पताल कैंपस में निवासरत एक डॉक्टर के यहां पहुंचे। जहां उन्हें सविता को दिखाकर राहत महसूस हुई। वहीं अस्पताल में पहले से डॉक्टरों का इंतजार कर रहे मरीजों को भी 11 बजे जाकर डॉक्टरों की सेवा प्राप्त हुई।