पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • भारत पेट्रोलियम के टैंकर से 80 ली. पेट्रोल चोरी, कार्रवाई की मांग

भारत पेट्रोलियम के टैंकर से 80 ली. पेट्रोल चोरी, कार्रवाई की मांग

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पंप मैनेजर की सतर्कता से हुआ खुलासा



भास्कर संवाददाता | नसरुल्लागंज

नगर के सुदामा फिलिंग स्टेशन के संचालक मोहन शर्मा ने एक आवेदन अनुविभागीय अधिकारी एचएस चौधरी को देकर हिन्दुस्तान ट्रांसपोर्ट के संचालक, टैंकर मालिक व चालक के विरुद्ध धोखाधड़ी कर 80 लीटर पेट्रोल चोरी करने के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।

नगर के सुदामा फिलिंग स्टेशन पर भारत पेट्रोलियम कंपनी के बकानिया डिपो भोपाल से मंगलवार शाम 4 बजे हिन्दुस्तान ट्रांसपोर्ट कंपनी का टैंकर 6000 लीटर पेट्रोल व 6000 लीटर डीजल लेकर आया। जब पंप मैनेजर अनूप नामदेव ने अनलोड करने से पहले टैंकर के कंपार्टमेंट नंबर 2 के ड्रिप पाइप से पेट्रोल की नपती की तो पाया कि ड्रिप पाइप में कुछ टकराव हो रहा है। देखने पर पता चला कि पाइप के अंदर एक अतिरिक्त ड्रिप पाइप लगा है। इसकी सूचना मैनेजर ने पंप संचालक मोहन शर्मा, बकानिया डिपो के मैनेजर प्रमोद बैठेकर, हिन्दुस्तान ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर अरमान खां को दी। डिप लगे पाइप से पेट्रोल नापने पर पेट्रोल सही पाया गया, लेकिन जब मैनेजर ने पाइप से अतिरिक्त डीप पाइप निकाला तो पेट्रोल क्षमता से 80 लीटर कम पाया गया। जानकारी सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी राजीव वर्मा, एएसआई संजीव श्रीवास्तव व बकानिया डिपो के मैनेजर प्रमोद बैठेकर को देने पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया और चालक से सख्ती से पूछताछ की। चालक ने कबूला कि उसने रास्ते में पड़ने वाले एक ढाबे पर 40 लीटर पेट्रोल बेचा।

कैसे हुई धोखाधड़ी
पंप संचालक मोहन शर्मा ने इस बात की जांच की मांग की व दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बकानिया डिपो के मैनेजर प्रमोद बैठेकर से कहा कि डिपो से लोड होकर चले टैंकर की एक चॉबी डिपो में रहती हैं और एक हमारे पास रहती हैं तो फिर रास्ते में 80 लीटर पेट्रोल कैसे चोरी हो गया। इस पर उन्होंने ट्रांसपोर्टिंग कंपनी की मिली भगत बताते हुए कंपनी के संचालक अरमान खान, टैंकर मालिक शराफत खान, चालक भूरा खान व क्लीनर के खिलाफ धोखाधड़ी व अमानत में खयानत का मामला दर्ज करने की मांग की। इस संबंध में एसआई संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की विवेचना चल रही है। समाचार लिखे जाने तक दोषियों पर प्रकरण पंजीबद्ध नहीं हो पाया था।

खबरें और भी हैं...