दो आदेशों में उलझे जनशिक्षक, मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को दिया ज्ञापन
नसरुल्लागंज | जनपद शिक्षा केंद्र के जनशिक्षक, बीएसी एवं सीएसी ने बुधवार को एक ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम एचएस चौधरी को दिया। इसमें उन्होंने बताया कि हम समस्त बीएसी व सीएसी जनपद शिक्षा केंद्र में कार्यरत थे। जिला शिक्षा केंद्र के निर्देश के तहत नई नियुक्ति के लिए हमें कार्यमुक्त करने के निर्देश जनपद शिक्षा केंद्र को दिए गए थे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि जब तक नई पदस्थापना नहीं हो जाती है, तब तक हमसे प्रभारी के रूप में कार्य कराया जाए। जिला शिक्षा केंद्र के आदेश पर बीआरसीसी ने हमें कार्यमुक्त करने की सूची जिला शिक्षा केंद्र को सौंप दी है। इसके साथ ही हमें कार्यमुक्त कर दिया गया है। बीएसी, सीएसी ने बताया कि हम प्रभारी के रूप में कार्य करना चाहते हैं, लेकिन कार्यमुक्त आदेश से हमारे सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देने वालों में बीआरसीसी भूपेश शर्मा, दिनेश शर्मा, मीरा देवी अग्रवाल, अमर सिंह मीणा, बलराम पंवार, सुरेश धावरे, जगदीश साहू, हेमंत गौर, सूरज राजपूत, रूप सिंह, शैतान सिंह, हरिशंकर यादव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे।