सरकारी स्कूलों तक ही सीमित रहा दवा खिलाने का अभियान
राष्ट्रीय कृमि नाशक दिवस पर 150 बच्चों को खिलाई गोली
अभियान में प्रायवेट स्कूलों के 4104 बच्चों को नहीं खिलाई गई कृमिनाशक दवा
भास्कर संवाददाता | नसरुल्लागंज
नेशनल डीवार्मिंग-डे के उपलक्ष्य में बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने बुधवार को संपूर्ण क्षेत्र के सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अभियान चलाया गया। इस अभियान में सरकारी स्कूलों के 27042 विद्यार्थियों एवं आंगनबाड़ी के बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया था। इसमें निजी स्कूलों के 4104 विद्यार्थियों, नर्सरी के बच्चों को कृमिनाशक दवा नहीं खिलाई गई। निजी स्कूलों के बच्चों को दवा खिलाने के अभियान से अलग रखने के बारे में स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि हमें सिर्फ सरकारी स्कूलों के बच्चों को दवा खिलाने के निर्देश प्राप्त हुए थे।
1000 से अधिक कर्मचारी जुटे
नेशनल डीवार्मिंग डे में 1 से 19 आयु वर्ग के बच्चों को कृमिनाशक गोली खिलाई गई। अभियान के प्रभारी बीएमओ डाॅ. मुकीम अहमद ने बताया कि सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को गोली खिलाने 274 प्राथमिक व 127 माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों के अतिरिक्त लगभग 600 से अधिक कर्मचारी स्वास्थ्य व महिला बाल विकास विभाग के थे। इनमें एएनएम, एमपीडब्ल्यू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया था। विभाग के कर्मचारियों ने सरकारी स्कूलों में पहुंचकर बच्चों को दवा खिलाई। श्री अहमद ने बताया कि कृमिनाशक गोली खाने से शेष बचे बच्चों को 15 फरवरी को फिर अभियान चलाकर दवा खिलाई जाएगी।
सीहोर | राष्ट्रीय कृमि नाशक दिवस पर बुधवार को शासकीय उत्कृष्ट स्कूल में 150 से अधिक बच्चों को एलबेंडाजोल गोली खिलाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भी स्वयं गोली का सेवन किया। जिले में करीब 3 लाख 39 हजार बच्चों को गोली खिलाई जाएगी। इसका शुभारंभ सीएमएचओ डॉ. आरके गुप्ता, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी राजीव सिंह, आरके बांगरे, उषा अवस्थी, गायत्री राव, आरके तुली, शैलेष कुमार, सरिता मरकाम रानू उपस्थित थे।
निर्देश केवल सरकारी स्कूलों के थे
शासन ने भोपाल, रायसेन व विदिशा में प्रायवेट विद्यार्थियों को दवा खिलाई। हमें प्रायवेट विद्यार्थियों को दवा खिलाने के निर्देश नहीं मिले थे। निर्देशों के तहत सरकारी स्कूलों के बच्चों को दवा खिलाई गई है। अभियान से शेष बचे बच्चों को 15 फरवरी को दवा खिलाई जाएगी। डाॅ. मुकीम अहमद, बीएमओ