5 लाख 66 हजार रुपए दिलाओ तब आऊंगा नीचे
भास्कर संवाददाता | नीमच/सुवाखेड़ा
10दिन से टॉवर पर बैठे सुवाखेड़ा के रामनिवास डांगी ने रविवार को प्रशासन के सामने नई मांग रख दी। उसने ऊपर से एक पत्र फेंका जिसमें कुछ हिसाब लिखा है। डांगी ने लिखा कि प्रशासन पहले 5 लाख 66467 रुपए दिलाए, इसके बाद टॉवर से नीचे आऊंगा। निजी मांग सामने आने से सहयोग संस्था के समाजसेवियों ने भी हाथ पीछे खींच लिए। प्रशासन अभी भी समझाइश के प्रयास कर रहा है।
गांव के मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने, रोड निर्माण एवं अन्य मांगों को लेकर टॉवर पर चढ़े रामनिवास डांगी को नीचे उतारने के लिए जिला प्रशासन प्रयास कर रहा है। पुलिस प्रशासन सुरक्षा को देखते हुए टॉवर के पास डटा है। तहसीलदार से लेकर कलेक्टर ने गांव में पहुंचकर डांगी को समझाइश का प्रयास किया। उसकी मांग पर चार दिन पहले प्रशासन ने गांव में रोड निर्माण शुरू करा दिया। रविवार को डांगी ने प्रशासन के सामने कुछ निजी मांगें भी रख दी। इसमें से मुख्य रूप से मेलानखेड़ा निवासी रामविलास बलाई नामक व्यक्ति से ट्रैक्टर का लेनदेन है। उसने 1 नवंबर 2010 से 10 सितंबर 2014 तक का हिसाब सामने रखा जिसमें 5 लाख 66467 रुपए दिलाने की मांग की। इनसे रुपए दिलाने पर ही टॉवर से नीचे उतरने की बात कह रहा है।
समझाइश दे रहे हैं
^रामनिवास को टॉवर से उतारने के लिए समझाइश दे रहे हैं कि वह कोर्ट में अपील करे। न्याय जरूर मिलेगा। पीयूषचार्ल्स, थानाप्रभारी, जावद
इस टॉवर पर बैठा है रामनिवास।