- Hindi News
- गांव में काम शुरू, कलेक्टर पहुंची फिर भी नहीं उतरा रामनिवास
गांव में काम शुरू, कलेक्टर पहुंची फिर भी नहीं उतरा रामनिवास
भास्कर संवाददाता | नीमच/सुवाखेड़ा
गांवके मुख्य मार्ग सहित अन्य रास्तों के आसपास से अतिक्रमण हटवाने, रोड बनाने और गांव में विकास कार्य कराने सहित कुछ मांगों को लेकर रामनिवास डांगी टॉवर पर चढ़ा है। उसकी एक मांग पर गुरुवार को रोड का कार्य शुरू कर दिया। दोपहर में कलेक्टर जीवी रश्मि गांव पहुंची और टॉवर के पास जाकर ग्रामीणों से चर्चा की। इसके बाद रामनिवास डांगी से फोन पर चर्चा की। समझाइश के बाद भी रामनिवास अभी भी टॉवर पर ही बैठा है।
डांगी की मांग और बुधवार को मिले कलेक्टर के आदेश के बाद गुरुवार सुबह गांव में भीलों की बस्ती से पुलिया तक सीसी रोड का कार्य शुरू कर दिया। इसका कार्य पूरा होने के बाद अन्य रोड के कार्य शुरू करने की बात अधिकारी कह रहे हैं। गुरुवार को कलेक्टर ने रामनिवास को मोबाइल से बात की। डांगी ने अतिक्रमण हटाने, रोड बनाने के साथ कोर्ट में चल रहे प्रकरणों और थाने के मामलों को वापस लेने की मांग की। कलेक्टर और एएसपी पंकज पांडे ने कहा जो मांगें हमारे अधिकार क्षेत्र में हैं उन्हें पूरा किया जाएगा। बावजूद डांगी सभी मामलों को समाप्त करने के लिए लिखित में आश्वासन देने की मांग पर अड़ा रहा। घंटेभर के प्रयास के बाद भी डांगी टंकी से नीचे नहीं उतरा। इसके बाद कलेक्टर ने रोड के कार्य का निरीक्षण कर कुछ ग्रामीणों से चर्चा की। जावद एसडीएम केएस सेन, तहसीलदार जगदीश मेहरा, जावद एसडीओपी डॉ. इंद्रजीत सिंह बाकरवाल, जावद थाना प्रभारी पीयूष चार्ल्स सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित थे।
सुवाखेड़ा में शुरू हुआ रोड का कार्य।
सुवाखेड़ा में ग्रामीणों से चर्चा करतीं कलेक्टर।