- Hindi News
- जिले के प्रत्येक निकाय में फहराना है जीत का परचम
जिले के प्रत्येक निकाय में फहराना है जीत का परचम
केंद्रमें हमारी सरकार के 100 दिन में कई ऐतिहासिक कार्य हुए। ये हमारे लिए गौरव के क्षण हैं। हर दिन कुछ नया किया। पिछले दिनों जापान दौरे में जो आर्थिक समझौते हुए वह आज तक किसी के साथ नहीं हुए। अब निचली इकाई नगर पालिका और नगर परिषदों में भाजपा के आदमी को बैठाना है। हमें जिले की सभी नप आैर नपा में जीत का परचम लहराना है। इसको ध्यान में रखकर कार्यकर्ता चुनावों की तैयारी में जुट जाएं।
यह बात रविवार को सांसद सुधीर गुप्ता ने कही। वे आनंद मंगल सभागार में भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा हमारा कार्यकर्ता जहां बैठेगा वहां लाेगों की बात करेगा। चुनावों में गुटबाजी से ऊपर उठकर संगठन के लिए काम करना है। जिले की सभी 11 नप और एक नपा अध्यक्ष पद पर भाजपा का आदमी काबिज हो। सभी का एक मकसद होना चाहिए। तभी हम पूरी तरह विकास कर सकते हैं। इस अवसर पर संगठन मंत्री बृजेश चौरसिया ने कहा विधानसभा और लोकसभा चुनावों में लहर का फायदा होता है। स्थानीय चुनावों में 75 प्रतिशत उम्मीदवार की छवि और 25 प्रतिशत कार्य मिलकर परिणाम देते हैं। जब तक निकायाें में भाजपा का आदमी नहीं आएगा हम चाहकर भी उस निकाय का विकास नहीं कर पाते हैं। सरकार पैसा देती है लेकिन होता वहीं जो वहां का अध्यक्ष चाहता है। जिले की कुछ नप में अभी यहीं हो रहा है। वो पैसों बराबर करने का कार्य कर रहे हैं। जिला कार्यालय से मिलने वाले निर्देशों के आधार पर हमें कार्य करना है। बैठक को नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार, जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा, प्रदेश प्रवक्ता बृजेंद्रसिंह सिसौदिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य करण सिंह परमाल, जिलाध्यक्ष मंगल पटवा सहित अन्य ने भी संबोधित किया। बैठक में जिलेभर के भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक सुबह 11 बजे शुरू होकर शाम करीब 5 बजे तक चली।
बैठक में मौजूद भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता। इनसेट- बैठक को संबोधित करते सांसद सुधीर गुप्ता।