6 दुकानों का अतिक्रमण हटे तो नहीं चलना पड़ेगा 2 किमी
माधोपुरी बालाजी मंदिर के पास निर्माणाधीन ब्रिज को सड़क से जाेड़ने के लिए सीसी रोड निर्माण शुरू हो चुका है। रोड बनने तक वैकल्पिक मार्ग से निकलने वाली बसों का आवागमन दो किमी लंबे बाबा शाहबुद्दीन दरगाह रोड से शुरू किया गया। बावजूद निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा। उधर दरगाह के पास बनी छोटी पुलिया भी जर्जर होना शुरू हो गई है। यदि प्रशासन बस स्टैंड पुलिया वाले वैकल्पिक मार्ग से बुरहानी कॉम्पलेक्स की 6 दुकानों का अतिक्रमण हटा दे तो दो किमी चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा और 20 फीट चौड़ा मार्ग मंदिर के आगे से ही मिल जाएगा। जहां से छोटे वाहन से लेकर बस आसानी से निकल सकती हैं।
मंदसौर रोड पर प्राइवेट बस स्टैंड और माधोपुरी बालाजी मंदिर बीच ब्रिज निर्माण का कार्य अंतिम दौर में चल रहा हैं। सब कुछ ठीक रहा ताे मार्च में ब्रिज यातायात के लिए तैयार हो जाएगा। ब्रिज को सड़क से जोड़ने के लिए दोनों तरफ सीसीरोड बनाया जा रहा है। मंदसौर तरफ सीसी रोड का निर्माण चल रहा हैं, यातायात बंद नहीं हाेने के कारण ठेकेदार को काम रोकना पड़ा था। सेतु विभाग के अधिकारियों के कहने पर एसडीएम आदित्य शर्मा और यातायात टीआई रामसिंह राठाैर ने वैकल्पिक मार्ग बदलते हुए सिटी रोड पर राठौर पार्क के पास से जाने वाले शाहबुद्दीन दरगाह रोड पर यातायात डायवर्ट किया। इससे बसें शुक्रवार से ही चलना शुरू हो गईं, अन्य वाहन माधोपुरी बालाजी मंदिर मार्ग से ही निकल रहे हैं।
बस स्टैंड पुलिया के पास बुरहानी कॉप्लेक्स की दूकानों के बाहर लगे टीन शेट। यह टीन शेड हट जाए तो मार्ग 10 से फीट 20 फीट चौड़ा मार्ग हो जाएगा और यहां से आसानी से वाहनों को आवागमन हो सकेंगा।
समाधान
... तो 20 फीट चौड़ा हो मार्ग- इसी वैकल्पिक मार्ग पर बस स्टैंड पुलिया पार कर माधोपुरी बालाजी मंदिर के पहले लंबा-चौड़ा रोड मैदान में से होकर निकलता है। जो मंदसौर रोड पर निकलता हैं। बुरहानी कॉप्लेक्स के दुकानदारों के टीन शेड और नीम के पेड की एक टहनी से 10 फीट चौड़ा मार्ग 20 फीट का हो जाएगा। पेड़ की टहनी कटने से बस भी आसानी से निकल सकती है।
समस्या
इसलिए परेशानी- वर्तमान में बस स्टैंड पुलिया से माधोपुरी बालाजी मंदिर के सामने रोड से मंदसौर की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन हो रहा हैं। नया ब्रिज इसी स्थान से शुरु होता है, ठेकेदार ने मंदिर के सामने वाले इस मार्ग पर सीसी रोड काम शुरु करते हुए सड़क के एक भाग में तो सीसी कर दिया है, अब बाकी 20 फीट चौडे रोड पर भी सीसी करना है और इसी हिस्से से वाहनों का आवागमन होता है। जब तक मार्ग बंद नहीं होता तब तक सीसी काम अधूरा रहेगा।
अतिक्रमण हटवाएंगे
ऐसा है तो अतिक्रमण हटवाएंगे, ताकि ब्रिज निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा हो सके। दरगाह मार्ग की पुलिया का निरीक्षण करने के लिए नपा को कहूंगा। आदित्य शर्मा, एसडीएम नीमच
यातायात व्यवस्थित करेंगे
अभी तो वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर दरगाह रोड से बसों का आवागमन करवा रहे हैं। एक-दो दिन में यातायात व्यवस्था ठीक करते हैं। हर पाइंट पर जवान तैनात करना पड़ेगा, तभी यातायात को डायवर्ट कर पाएंगे। अतिक्रमण हटाने के लिए नपा से कहूंगा। रामसिंह राठौर, टीआई- यातायात
यातायात रुके तो 10 दिन में सीसी रोड कर दें
यातायात रुके तो 10 दिन में बाकी सीसी रोड पूरा कर देंगे। सोमवार को एसडीएम से मिलूंगा। पास में रोड है यदि वहां से वाहन निकाल दें तो भी काम में कोई परेशानी नहीं होगी। दिग्विजयसिंह भदौरिया, सुपरवाइजर, श्री बनखंडेश्वर कंट्रक्शन प्रालि, भिंड