छेड़छाड़ करने वाले शिक्षक की कोचिंग बंद करवाएं
कलेक्टोरेट में मंगलवार को एडीएम प्रीति मैथिल नायक ने जनसुनवाई की। इसमें कोचिंग क्लास के शिक्षक दीपक श्रीवास्तव के खिलाफ अभिभावकों ने ज्ञापन दिया। बताया हमारी शिकायत पर पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ छेड़छाड़ का प्रकरण दर्ज किया था। शिक्षक जमानत पर छूट चुका है और फिर से कोचिंग संचालित कर रहा है। शिक्षक के कृत्य को देखते हुए कोचिंग बंद करवाई जाए। इसी प्रकार कालबेलिया समाज ने तहसीलदार गोपाल सोनी को आवेदन देकर धनेरियाकलां में पट्टा देने की मांग की। कन्हैयालाल कालबेलिया ने बताया शासकीय भूमि सर्वे नंबर 396/2 रकबा 0.314 जमीन शासन ने समाज को विस्थापित करने के लिए दे रखी है। बावजूद अब तक पट्टे नहीं मिले हैं। तहसीलदार ने बताया जमीन के संबंध में आपत्तियां मांगी हैं। निराकरण के बाद 33 लोगों को पट्टे जारी किए जाएंगे।