हड़ताल के लिए रेलकर्मियों ने किया मतदान
सातवें वेतन आयोग की रिपोर्ट में कर्मचारी विरोधी सिफारिशें करने और विसंगतियों के विरोध में रेलवे कर्मचारी लामबंद हैं। विसंगतियां दूर करने की मांग को लेकर 11 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रस्तावित है। हड़ताल करना है या नहीं, यह तय करने के लिए वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन मतदान करवा रही है। दो दिन चलने वाली प्रक्रिया के तहत गुरुवार को रेलकर्मियों ने मतदान किया। कुछ शुक्रवार को मतदान कर अपनी राय जाहिर करेंगे।
रेलवे स्टेशन स्थित वेस्टर्न रेलवे एम्पलाइज यूनियन के कार्यालय में गुरुवार को मतदान कराया। हड़ताल के पक्ष और विपक्ष के लिए दो अलग-अलग पेटियां रखी गईं। सुबह से ही रेलकर्मियों ने उत्साह के साथ मतदान किया। इनमें महिला रेलकर्मी भी शामिल थीं। यूनियन की नीमच शाखा के अध्यक्ष रामनाथ मीणा, सचिव महेश शर्मा व कोषाध्यक्ष मुकेश शुक्ला के नेतृत्व में सुबह 8 शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे तक तक चला। पहले दिन नीमच शाखा के बिसलवासकलां से पिपलियां मंडी स्टेशन तक सभी शाखाओं के 250 कर्मचारियों में से 184 ने मतदान किया। बाकी कर्मचारी शुक्रवार को मतदान करेंगे। इस दौरान यूनियन उपाध्यक्ष आरएस वर्मा, जीएल मीणा, सह सचिव अरुण भार्गव, राजकुमार सागर, मुकेश आर्य आदि उपस्थित थे।
अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए मतदान करते रेलकर्मी।
वेतन आयोग की विसंगति व रेलकर्मियों की मांगें
सातवें वेतन आयोग की रिपोर्ट में कम से कम वेतन 18 हजार रुपए तय है। जबकि मांग 26 हजार रु. की है।
राष्ट्रीय पेंशन स्कीम (एनपीएस) में 2004 के बाद भर्ती कर्मचारियों को पेंशन नहीं मिलेगी। कर्मचारी चाहते हैं रेलकर्मियों को बाहर रख वन रैंक वन पेंशन स्कीम लागू की जाए।
मकान किराया भत्ता कम करने, पास व पीटीओ, ओवर टाइम व नाइट डयूटी अलाउंस सहित 52 भत्ते बंद करने की सिफारिश है। कर्मचारी इन्हें वापस लेने की मांग कर रहे हैं।
11 अप्रैल से होना है अनिश्चितककालीन हड़ताल
वेरेएयू के शाखा सचिव महेश शर्मा ने बताया मतदान के बाद शुक्रवार शाम पेटियां रतलाम भेजेंगे। 11 मार्च को यूनियन के राष्ट्रीय महामंत्री शिवगोपाल मिश्रा के आह्वान पर रतलाम मंडल के सहायक महामंत्री गोविंदलाल शर्मा, मंडल मंत्री एसबी श्रीवास्तव व मंडल अध्यक्ष मनोहर पचौरी महाप्रबंधक को हड़ताल पर जाने का नोटिस देंगे। यदि यूनियन की मांगे नहीं मानी तो 11 अप्रैल को सुबह 6 बजे से देशभर में अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू हो जाएगी।
रायशुमारी