पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बगडोना के 700 मीटर फोरलेन पर डिवाइडरों के बीच 15 जगह क्राॅसिंग

बगडोना के 700 मीटर फोरलेन पर डिवाइडरों के बीच 15 जगह क्राॅसिंग

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
परेशान हो रहे लोग, तीन से ज्यादा स्थानों पर नहीं होनी थी क्रासिंग

भास्कर संवाददाता | सारनी

बैतूल-परासिया स्टेट हाईवे पर बगडोना की फोरलेन सड़क पर लगातार हादसे हो रहे हैं, इसका सबसे बड़ा कारण वन वे रोड पर ज्यादा स्थानों पर क्रासिंग का होना है। भास्कर ने जब मामले की पड़ताल की तो पता चला करीब 700 मीटर की सड़क पर 15 से ज्यादा स्थानों पर डिवाइडर कट किए गए हैं। यानी इतने स्थानों पर आने और जाने वाले राेड से लोग क्रास होते हैं। ऐसे में यातायात के नियमों का पालन ही नहीं हो पा रहा है। डिवाइडर बनाते समय हुई गलती का खामियाजा अब लोग भुगत रहे हैं। यहां रोज रोड क्राॅसिंग के दौरान रोज हादसे हो रहे हैं।

स्टेट हाईवे 43 पर लगातार हो रहे हादसों के बाद भास्कर ने इसे मुद्दे के रूप में उठाया है। लगातार पाठकों के सुझाव भी आ रहे हैं। इस पर प्रशासन भी लगातार कार्रवाई करने में जुटा है। बगडोना में फोरलेन पर लगातार हो रहे हादसों के कारण यहां स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग व्यापारियों ने उठानी शुरू कर दी हैं। बगडोना के व्यापारी राजेश नायर, प्रमोद दरवाई, बसंत ने बताया सड़कों पर ज्यादा स्थानों पर क्रासिंग दे दी है। शाम 5 से लेकर रात 10 बजे तक यहां ज्यादा ट्रैफिक होता है। इस दौरान लोग मनमर्जी से चलते हैं। क्रासिंग के दौरान कई स्थानों पर पीछे से आते वाहन दिखाई नहीं देते और हादसे हो जाते हैं। इसके लिए डिवाइडरों की इस संख्या को कम करना चाहिए। भास्कर ने जब पड़ताल की तो कॉलेज गेट से लेकर हवाई पट्‌टी तक करीब 700 मीटर हिस्से में करीब 15 स्थानों पर वन वे रोड पर डिवाइडर लोगों के आने और जाने के लिए छोड़े गए हैं। जबकि फोरलेन के नियमानुसार इसकी संख्या 2 से 3 ही होनी चाहिए।

रिलायंस पंप के पास आस-पास ही डिवाइडर पर दो क्रासिंग दी है।

ज्यादा संख्या में है क्रासिंग
बगडोना में ट्रैफिक ज्यादा होता है। प्रशासन की टीम ने सर्वे किया था तो यहां वास्तव में डिवाइडर में जरूरत से ज्यादा स्थान पर क्रासिंग दी गई है। इन्हें कम करने की तैयारी है। नियमानुसार 3 से 4 स्थानों पर ही क्रासिंग होनी चाहिए। नगर पालिका के माध्यम से इसे कम कराया जाएगा। एसपी दुबे, एसडीओपी सारनी

ये आए सुझाव
सारनी के एडवोकेट शेख अय्यूब मंसूरी बताते हैं कि बैरियर पर स्पीड ब्रेकर के अलावा बेहतर व्यवस्थाएं हों। यहां पर्याप्त लाइट और वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर लगाए जाएं। इसके लिए ट्रांसपोर्टरों काे जागरूक किया जाना चाहिए।

शोभापुर के अामिर खान ने कहा सड़क पर वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। नपा को सड़कों से आवारा मवेशियों की धरपकड़ का अभियान भी चलाना चाहिए।

पाथाखेड़ा सुभाष नगर के ओमप्रकाश नाथ ने बताया बगडोना से सारनी तक सड़क किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण ज्यादा परेशानी हो रही है। इन्हें व्यवस्थित कराया जाए।

कांग्रेसी पार्षद बोले, अनाधिकृत है बेरियर
स्टेट हाईवे पर पॉवर जनरेटिंग कंपनी के बैरियर को कांग्रेसी पार्षदों ने अनाधिकृत बताया है। नेता प्रतिपक्ष महेंद्र भारती, राजेश डोइफोड़े, मो. ताहिर, शमशेर आलम समेत अन्य लोगों ने बताया कि कंपनी जबरन हाईवे पर वाहनों की जांच कर रही है। जबकि सीएचपी के लिए करोड़ों की बाउंड्री बनाकर कंपनी भीतर जांच में जुटी है। अपने सुरक्षा प्रहरियों से जांच कराई जा रही है। पार्षदों ने कहा कि चैक पोस्ट के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। बावजूद इसके हटाया नहीं जा रहा है।

पुलिस करेगी कार्रवाई
भास्कर के अभियान के बाद एसडीओपी एसपी दुबे ने तीन थाना क्षेत्रों की पुलिस को पत्र लिखे हैं। सारनी, रानीपुर और चोपना पुलिस इसे लेकर कार्रवाई करेगी। एसडीओपी ने बताया पाथाखेड़ा, घोड़ाडोंगरी, रानीपुर और सारनी में लगातार कार्रवाई की जाएगी। डंपरों में टेल लाइट, अवैध पार्किंग, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने जैसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। हेलमेट को अनिवार्य किया जाएगा। सुधार के लिए कार्रवाई जारी रखेंगे।

सड़कों तक आई दुकानें हटाने के निर्देश
बगडोना में ज्यादातर दुकानें सड़कों तक आ गई हैं। इससे वाहनों की पार्किंग सड़क पर होती है। यहां परेशानी खड़ी होती है। मामले को लेकर शिकायत के बाद सीएमओ अशोक शुक्ला ने यहां सड़क तक आई दुकानों के मालिकों काे नोटिस जारी किया है। सबसे ज्यादा दिक्कतें रिलायंस पेट्रोल पंप से लेकर हवाई पट्‌टी तक होती है। यहां लोहे की पेटियां, गाड़ियां भी सड़कों पर ही बनती हैं और सुधरती हैं। इससे दिक्कतें होती हैं। हादसे का डर होता है। नपा ने यहां पार्किंग स्थल भी तय किया है। रेस्क्यू के पास खाली जमीन में पार्किंग जोन बनाने की तैयारी है।

mob: 9425003281
यहां दंे सुझाव
खबरें और भी हैं...