एसडीएम से मिले किसान
पिपरिया| फसलबीमा राशि के लिए कम नुकसान दर्शाए जाने से कुछ गांवों के किसान परेशान हैं। जबकि ब्लॉक में सभी जगह पिछले साल शत प्रतिशत फसल खराब हुई थी। पर कई इलाकों में नुकसान ज्यादा दर्शाया गया है। पहली बार बीमा की राशि मिल रही है। गुरुवार दोपहर में किसानों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर एसडीएम गणेश जायसवाल को परेशानी बताई। रमेश ने बताया कि ग्राम खैरीकलां में 17 प्रतिशत, सिमारा में 32 प्रतिशत, लांझी में 22 प्रतिशत, धनाश्री में 20 प्रतिशत और खापरखेडा़ में 27 प्रतिशत नुकसानी का आंकलन किया गया है। जबकि अन्य गांवों में 60 से लेकर 95 फीसदी तक नुकसान बताया गया है। एसडीएम गणेश जायसवाल ने किसानों को पर्याप्त समय देकर समझाइश दी। एसडीएम श्री जायसवाल ने बताया कि राजस्व अमले ने नुकसानी का सही आंकलन करके रिपोर्ट भेजी है। इसके पहले भी किसान आकर इस बारे में जानकारी दे चुके हैं। पटवारी से रिपोर्ट दिखवाकर उन्हें संतुष्ट किया गया है। एसडीएम श्री जायसवाल ने कहा कि बीमा कंपनी के नियम क्या हैं, उसके आधार पर किसानों को सही जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि किसानों को उनके नुकसान की भरपाई होना चाहिए। रुपए बीमा कंपनी और बैंकों के माध्यम से बंट रहे हैं। बीमा की राशि किसानों के खाते में आना शुरू हो गई है। इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।