व्यापारी ले रहे 8 फीसदी आढ़त, किया विरोध
भास्कर संवाददाता | पिपलियामंडी
सब्जीमंडी में किसानों ने व्यापारियों द्वारा नीलामी के बदले 8 फीसदी आढ़त लेने का विरोध किया। सोमवार को किसान एकजुट हो गए और आक्रोश जताया। ऐसे में 5 फीसदी आढ़त लेना तय हुआ। किसानों ने मामले की शिकायत एसडीएम से की है।
सब्जी उत्पादक गोपाल पाटीदार, दिनेश मालवीय, लक्ष्मण पाटीदार नीलामी के लिए सब्जियां लेकर मंडी पहुंचे। यहां व्यापारी नीलामी के बदले 8 फीसदी आढ़त ले रहे थे। किसानों ने विरोध किया कि अन्य मंडियों में तो 3 फीसदी आढ़त ली जाती है। अन्य किसानों ने भी 8 फीसदी आढ़त लेने का विरोध किया। बाद में 5 फीसदी आढ़त लेने पर सहमति बनी। इसके बाद नीलामी शुरू हो पाई। किसानों ने एसडीएम आरपी वर्मा को शिकायत दर्ज कराई आैर बताया 17 सितंबर तक 3 फीसदी के आसपास आढ़त ली जाना तय किया जाए वरना प्रदर्शन करेंगे। एसडीएम ने कहा दोनों पक्षों को समझाइश देकर हल निकलवाएंगे।