20 सरपंच-सचिवों को दिया नोटिस
राशि निकाली लेकिन नहीं कराए निर्माण कार्य
भास्करसंवाददाता| भांडेर
मंगलवारको एसडीएम भांडेर केके पांडेय ने 20 सरपंचों के खिलाफ नोटिस जारी किए। उन्होंने यह नोटिस राशि आहरण के बाद भी अपूर्ण पड़े भवन निर्माण कार्य या शुरु नहीं हुए निर्माण कार्यों को कारण बताकर दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि शीघ्र राशि वापस की जाए। अन्यथा दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। मालूम हो कि शासन प्रशासन की ओर से विभिन्न गांवों में स्कूली भवन निर्माण, अतिरिक्त कक्ष निर्माण आदि के लिए सरपंच सचिव को राशि आवंटित कर निर्माण करने की अनुमति प्रदान की थी। लेकिन समय सीमा गुजर चुकने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया जबकि राशि का आहरण पूरा कर लिया गया। एसडीएम ने जिन्हें नोटिस दिए उनमें ग्राम पंचायत लहार हवेली के उत्तम सिंह भास्कर, नौगुंवा के परशुराम शाक्य, तैतना की मिथला यादव, बिल्हैटी के रामसिंह परिहार, छान के रमेश प्रजापति सचिव, अजीतपुरा के राजेन्द्र यादव, बराना के शारदा, सरसई की सावित्री, धनपीपरी की रामश्री जाटव, कर्रा की मालती देवी कुशवाहा, सोफ्ता की कल्पना देवी,धनौटी की विजया देवी सरपंच, बिलेहटी के विक्रम पाल, तैड़ौत के शिशुपाल सिंह, बराना के वीर सिंह दांगी, तैड़ौत के राधालाल दोहरे,खिरिया साहब के रघुवीर दांगी, पोरसा की किशोरी देवी, अजीतपुरा की रजनी देवी सरपंच के खिलाफ नोटिस जारी किया है।
छात्रवृत्ति मैपिंग समय पर पूर्ण होने पर नोटिस जारी
भांडेर। छात्रवृत्तिमैपिंग में लापरवाही और उदासीन रवैया अपनाने वाले संकुल प्राचार्य और संस्था प्रभारी को जिला शिक्षाधिकारी केजी शुक्ला ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिला शिक्षाधिकारी ने 21 जनवरी को छात्रवृत्ति संबंधी बैठक में सभी संकुल प्राचार्यों को निर्देशित किया था कि वह 28 जनवरी तक मैपिंग का शत प्रतिशत काम और 31 जनवरी तक छात्रवृत्ति रजिस्ट्रेशन के साथ पांच फरवरी तक छात्रवृत्ति भुगतान के लिए कहा था। लेकिन शासकीय उमावि बालक भांडेर के छात्र छात्राओं की छात्रवृत्ति तो दूर मैपिंग तक का काम पूरा नहीं हो सका। जिस पर नाराज होकर शुक्ला ने शासकीय उमावि प्राचार्य एचएन जाटव एवं संस्था प्रभारी कल्पना शुक्ला को नोटिस दिए हैं।