राजीनामा करने को जान से मारने की धमकी दे रहा झोलाछाप डॉक्टर
सुनवाई नहीं होने से दुखी युवती ने राज्य महिला आयोग से की शिकायत
मामला गलत इलाज के कारण हुई किशोरी की मौत का।
भास्कर संवाददाता। पोरसा
झोलाछाप डॉक्टर द्वारा गलत इलाज करने से मेरी दो साल की पुत्री कृष्णा की मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद अनट्रेंड डॉक्टर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की घारा 304ए के तहत मामला भी दर्ज कर लिया गया। लेकिन आरोपी डॉक्टर जान से मारने की धमकी देकर प्रकरण में राजीनामा करने का दबाव बना रहा है। पुत्री मौत से व्यथित पचौरीपुरा निवासी रेनू प|ी नीरज पचौरी ने यह शिकायत राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष से की है। पत्र में रेनू ने इस बात का भी जिक्र किया है कि बार-बार शिकायत करने भी स्थानीय पुलिस सुनवाई नहीं कर रही।
रेनू ने बताया कि छह अगस्त 2015 को मेरी पुत्री कृष्णा की तबियत खराब हो गई थी। बेटी इलाज कराने मैं उसे धनेटा रोड स्थित डॉ राजेश बरेठा के निजी क्लीनिक पर ले गई। इलाज के दौरान गलत इंजेक्शन लगाने व दवाएं देने से मेरी पुत्री की मौत हो गई। शिकायत करने पर पुलिस ने उक्त डॉक्टर की क्लीनिक सील कर उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया। इसके बाद से उक्त डॉक्टर इस मामले में राजीनामा करने के लिए न केवल दबाव बना रहा है, बल्कि आए दिन जान से मारने की धमकी दे रहा है। रेनु के मुताबिक इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस अधिकारियों से की गई। लेकिन वे सहयोग करने के बजाए उल्टे झोलाछाप डॉक्टर को सरंक्षण दे रहे हैं।
अब पचौरीपुरा में चला रहा है क्लीनिक
रेनू ने महिला आयोग को बताया है कि धनेटा रोड पर उक्त डॉक्टर की क्लीनिक सील कर दी गई। लेकिन वर्तमान यह क्लीनिक पचौरीपुरा स्थित बजरंग कॉलोनी में संचालित की जा रही है। जबकि इस क्लीनिक का सीएमएचओ कार्यालय में न तो पंजीयन कराया गया है और न ही उक्त डॉक्टर इलाज करने योग्यता रखता है। रेनू के मुताबिक क्लीनिक के पास घर होने के कारण उक्त डॉक्टर रोजाना राजीनामा करने के लिए धमकियां दे रहा है।