- Hindi News
- घरों के आसपास भरे पानी को निकालने की जा रही व्यवस्था
घरों के आसपास भरे पानी को निकालने की जा रही व्यवस्था
नपा ने शुरू किया विशेष सफाई अिभयान
नगरपालिका द्वारा शहर में विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत नपा कर्मचारियों द्वारा नाले और नालियों के साथ ही घरों के आसपास भरे पानी की निकासी की व्यवस्था की जा रही है। वहीं साफ-सफाई के साथ ही दवाइयों का छिड़काव भी कराया जा रहा है।
शहर में बढ़ रहे मलेरिया रोग को ध्यान में रखकर यह अभियान कलेक्टर के निर्देश पर प्रारंभ किया गया है। शहर में कई स्थानों पर घरों के आसपास बारिश का पानी भरा हुआ है, जिससे मच्छरों सहित अन्य जीव जंतु पनप रहे हैं। मच्छरों के काटने से जहां लोग बीमार हो रहे हैं, वहीं घरों के आसपास पानी भरे रहने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शहर में वायरल और मलेरिया की शिकायतें मिलने के बाद विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। नगर पालिका सीएमओ दीपक राय और अध्यक्ष मंजू कुशवाह ने भी कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया और वहां पर सफाई करने के निर्देश नपा कर्मचारियों को दिए। विशेष सफाई अभियान के तहत नाले और नालियों की सफाई भी कराई जा रही है।
कलेक्टर बंगले के पास भी भरा है गंदा पानी
कलेक्टरबंगले के समीप सांई बिहार कालोनी में गंदा पानी भरा हुआ है। वट वृक्ष के चारों ओर गंदा पानी एकत्रित होने से महिलाएं उसकी पूजा-अर्चना तक नहीं कर पा रही हैं। वहीं काॅलोनी वासियों को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। काॅलोनी के लोग कई बार वटवृक्ष के पास भरे पानी को निकलवाने के लिए नपा अधिकारियों से मांग कर चुके हैं। इसके बाद भी इस गंदे पानी को निकालने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है।