छात्राओं को मिला नया भवन
सोमवारको शासकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राएं और प्रबंधन जब नवनिर्मित भवन में पहुंचे तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। काॅलेज के प्रोफेसर जहां दिनभर व्यवस्थाएं बनाने में जुटे रहे, वहीं छात्राएं भी बहुत उत्साहित दिखाई दीं। छात्राओं के लिए नए भवन की मांग को लेकर काॅलेज प्रबंधन लंबे समय से प्रयासरत रहा था, वहीं भास्कर द्वारा लगातार खबरें प्रकाशित करने के बाद काॅलेज को भवन सुपुर्द किया गया है।
शासकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं को लंबे समय से नए भवन का इंतजार था। किराए के छोटे से भवन में संचालित काॅलेज में छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। वहीं सुविधाओं से भी वंचित रहना पड़ रहा था, लेकिन अब छात्राओं की आशाओं को आकार मिल गया है। सोमवार से नव निर्मित भवन में कक्षाएं लगने का मुहूर्त कर दिया गया है, जिससे छात्राओं में प्रसन्नता दिखाई दे रही है। इस भवन की क्षमता के अनुसार करीब 25 कक्षाएं लगाई जा सकती हैं। बड़े-बड़े कक्षों के होने से एक कक्ष में 40 छात्राएं आराम से बैठ सकती हैं। वहीं लायब्रेरी और लैब के लिए भी हॉल तैयार किए गए हैं। जिम, स्पोर्ट्स और संगीत अभ्यास के लिए भी पर्याप्त जगह मिल गई है, जबकि पुराने भवन में तीन-चार कक्षों में पूरा काॅलेज संचालित होता था।
सोमवार को नए भवन में सामान जमाने का काम चलता रहा।
नए भवन में सोमवार से कक्षाएं लगने लगी हैं
दशहरा मैदान में शासकीय कन्या कॉलेज की नई बिल्डिंग बनकर तैयार हो गई है।