नंबर प्लेट लगवाने नहीं रहे वाहन मालिक
रायसेन| पहलेवाहन खरीदने के साथ ही वाहन पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य था, लेकिन नंबर प्लेट बनाने वाली कंपनी का कॉन्ट्रेक्ट निरस्त होने के बाद से ही वाहन चालकों द्वारा नंबर प्लेट लगवाने में रुचि दिखाना बंद कर दी गई है। कार्रवाई के दौरान बगैर नंबर के वाहन चलाते पाए जाने पर चालक बहाने बना देते थे कि नंबर प्लेट मिली ही नहीं है। अब वाहन मालिक कहीं से भी वाहनों पर नंबर लिखवा सकते हैं, ऐसे में परिवहन विभाग बगैर नंबर प्लेट के वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए अभियान चलाने वाला है।
अब जिन गाड़ियों के पंजीयन हो रहे हैं, उन वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट अनिवार्य नहीं है। इससे वाहन मालिकों को हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने के लिए कंपनी ऑफिस के चक्कर भी नहीं काटना पड़ेंगे और इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा। नंबर मिलने के बाद लोग स्वयं वाहनों पर नंबर लिखवा सकते हैं। अब कंपनी द्वारा नंबर प्लेट के लिए रसीद नहीं काटी जा सकती है, लेकिन जिन्होंने पहले ही रसीद कटा ली है, रुपए जमा कर दिए हैं, ऐसे तीन हजार से अधिक वाहन मालिक नंबर प्लेट लगवाने आरटीओ कार्यालय पहुंचे ही नहीं हैं, जबकि विभाग द्वारा जल्द ही इन वाहन मालिकों को नंबर प्लेट लगवाने के लिए सूचित किया जा रहा है। जिले में 4 अप्रैल 12 से लेकर 19 जून 2014 तक खरीदे गए 23 हजार 414 वाहनों की रसीदें काटी गई हैं।
जिले में करीब 3 हजार से अिधक नंबर प्लेट बनी रखी हैं।