- Hindi News
- 4500 महिलाएं देंगी पर्यवेक्षक की परीक्षा
4500 महिलाएं देंगी पर्यवेक्षक की परीक्षा
रायसेन | मध्यप्रदेशव्यावसायिक परीक्षा मंडल भोपाल द्वारा 14 दिसंबर को महिला पर्यवेक्षक की परीक्षा आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा के लिए रायसेन और मंडीदीप में 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में 4500 महिलाएं शामिल होंगी। यह परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। प्रथम प्रश्न पत्र के लिए सुबह 9 से दोपहर 12.15 बजे तक एवं द्वितीय प्रश्नपत्र के लिए दोपहर 2 से शाम 5.15 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
संचालनालय एकीकृत बाल विकास सेवा के अंतर्गत पर्यवेक्षक महिला खुली सीधी भर्ती एवं पर्यवेक्षक महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा के सफल आयोजन एवं परीक्षा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुविभागीय अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का प्रशासनिक प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। शहर में शासकीय स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय, पॉलीटेक्निक कॉलेज, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, शासकीय कन्या उमावि, सेंट फ्रांसिस कान्वेंट विद्यालय, शाइनिंग पब्लिक स्कूल तथा राजीव गांधी महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों के लिए रायसेन के अनुविभागीय अधिकारी उमराव सिंह मरावी को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है।
राजपत्रित अधिकारी से कराना होगा सत्यापित
परीक्षामें शामिल होने वाली महिला अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र पर फार्म के साथ लगाए गए फोटो को चिपका कर उसे राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित कराना होगा। इसके अलावा कोई भी फोटो युक्त पहचान पत्र साथ लाना होगा, तभी परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।