- Hindi News
- सुबह चली सर्द हवा और दोपहर में हुई बूंदाबांदी
सुबह चली सर्द हवा और दोपहर में हुई बूंदाबांदी
जिलेका मौसम दिनभर मिजाज बदलता हुआ दिखाई दे रहा है। बुधवार को सुबह से ही बादलों ने डेरा डाल रखा था। दोपहर में करीब 12 बजे बादल छंटना शुरू हुए। करीब तीन बजे फिर बादल छाए और बादलों ने पानी की फुहारें गिराना शुरू कर दिया। 10 से 15 मिनट हुई बूंदाबांदी ने उमस बढ़ा दी। वहीं सूरज ढलते ही सर्द हवाएं चलने से कंपकंपी का अहसास भी होता रहा।
इन दिनों मौसम में बदलाव होना आम बात हो गई है। बुधवार को सुबह से ही सर्द हवाओं का दौर शुरू हो गया था जो दोपहर में कुछ देर के लिए थमा रहा। आसमान से बौछार होने के बाद उमस और धूप भी देखने को मिली, लेकिन शाम से फिर सर्दी का अहसास होने लगा था। जिले की तहसीलों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई जगह हल्की बूंदाबांदी हुई, बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान भी 15 डिग्री के करीब रहा वहीं दिन में पारा बढ़कर 23 पर पहुंच गया है। अब बार-बार बदलते मौसम और बादलों के छाने से किसानों के चेहरों पर तनाव दिखाई देने लगा है। खेतों में खड़ी फसल पर मौसम की तलवार लटकती दिखाई दे रही है। ऐसे में किसान भगवान से मौसम खुले रहने की प्रार्थना कर रहे हैं, जबकि मौसम के जानकार दो दिन में बारिश होने के आसार बता रहे हैं।
बुधवार को आसमान पर दिनभर छाए रहे बादलों के बीच हुई बूंदाबांदी।