पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • छात्रावास में घर की तरह हो बच्चों की परवरिश

छात्रावास में घर की तरह हो बच्चों की परवरिश

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
रायसेन। आदिमजाति कल्याण विभाग के छात्रावासों में निवासरत बच्चों की शिक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य आदि के संबंध में जिले के समस्त छात्रावास अधीक्षकों की कलेक्टर जेके जैन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्री जैन ने छात्रावासों में गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं एवं ममत्व के साथ बच्चों की देखभाल के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सभी अधीक्षकों से कहा कि वे छात्रावासों में ही निवास करने के साथ ही बच्चों की देखभाल अपने स्वयं के बच्चों की तरह पूरी संवेदना और मानवीयता के साथ करें। इसके साथ ही छात्रावास परिसर को अपने घर की तरह स्वच्छ एवं सुंदर बनाएं। उन्होंने कहा कि जब तक हमारा दृष्टिकोण नहीं बदलेगा, तब तक व्यवस्था में सुधार संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि चाहे छात्रावास के बच्चों का स्वास्थ्य हो या भोजन की गुणवत्ता हो या टायलेट की साफ-सफाई या छात्रावास भवन की मरम्मत की बात हो, जब तक छात्रावास के प्रति अपनेपन का भाव नहीं होगा, तब तक व्यवस्था को बेहतर बनाना मुश्किल होगा।

उन्होंने कहा कि बच्चों के माता-पिता बच्चों को छात्रावास यह सोचकर भेजते हैं कि उनके बच्चे घर की तरह सुरक्षित रहेंगे, अच्छा भोजन मिलेगा और अच्छी विद्या अध्ययन करेंगे। बीमार पड़ने पर उनकी पूरी देखरेख होगी और उन्हें किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, इसलिए अधीक्षकों का दायित्व माता-पिता की तरह ही होना चाहिए और छात्रावास के बच्चों के प्रति अपने स्वयं के बच्चों जैसा भाव होना चाहिए। श्री जैन ने सभी अधीक्षकों को छात्रावास में आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला समन्वयक अवनीश चतुर्वेदी भी उपस्थित थे।