दिलाई जाएगी लोक सेवा की शपथ
रायसेन| मध्यप्रदेशलोक सेवाओं के प्रदाय की गारंटी अधिनियम 2010 के प्रभावशील होने की वर्षगांठ पर 25 सितंबर को लोक सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रत्येक कार्यालय में कार्यालय प्रमुख द्वारा 25 सितंबर को सुबह 10.30 बजे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लोक सेवा की शपथ दिलाई जाएगी।
ब्लाक एवं तहसील स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तथा संचालक लोक सेवा केन्द्र द्वारा 25 सितंबर को लोक सेवा केन्द्र पर समारोह आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस समारोह में जनप्रतिनिधियों, सभी विभागों के अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। केन्द्र संचालक द्वारा समारोह के दौरान लगभग 20 आवेदकों को विभिन्न सेवाओं के प्रमाण पत्र वितरित करने तथा संकुल प्राचार्योँ से संपर्क कर ब्लाक के सभी विद्यालयों में लोक सेवाओं के संबंध में वाद-विवाद, चित्रकला एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताएं, प्रदर्शनी, नुुक्कड़ नाटक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत करने तथा प्रक्रिया से अवगत कराने के भी निर्देश भी दिए गए हैं।