स्कूलों में ढाई लाख बच्चे धोएंगे हाथ
रायसेन| जिलेभर के स्कूलों में अंतरराष्ट्रीय हाथ धुलाई दिवस के उपलक्ष्य में 15 अक्टूबर को ढाई लाख बच्चों के हाथ धुलवाए जाएंगे। प्रदेश सरकार द्वारा विशेष हाथ धुलाई प्रोग्राम को गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड में शामिल करने की तैयारियां की जा रही हैं। इस दिशा में जिले में भी तैयारियां शुरू हो गई हंै।
जिला शिक्षा अधिकारी एसपी त्रिपाठी ने बताया कि अंतराराष्ट्रीय हाथ धुलाई दिवस पर प्राथमिम, माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्कूलों में छात्र-छात्राओं के हाथ धुलवा कर घर-घर में स्वच्छता का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। 15 अक्टूबर को होने वाले इस पूरे कार्यक्रम मॉनीटरिंग और वीडियोग्राफी होगी। उस दिन साबुन से हाथ धोने वाले सारे बच्चों के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी किए जाएंगे। स्वास्थ्य से जुड़े अनुसंधान के आंकड़े बताते हैं कि दुनिया में हर साल 5 वर्ष से कम उम्र के लाखों बच्चों की मौत गंदे हाथों की वजह हो जाती है। ऐसा डायरिया और श्वसन तंत्र की बीमारियों के कारण होता है। इसे साबुन से हाथ धोने की आदत से रोका जा सकता है।
अबतक नहीं बन पाए स्कूलों में प्लेट फार्म
जिलेभर के स्कूलों में हाथ धोने के लिए प्लेट फार्म बनाए जाने थे, जो अब तक स्कूलों में नहीं बन पाए हैं। जबकि हाथ धुलाई यूनिट बनाने के लिए जिला पंचायत द्वारा सभी स्कूलों को 8-8 हजार रुपए की राशि उपलब्ध कराई गई है। जिले के अधिकारियों द्वारा भी हाथ धुलाई यूनिट बनाने के लिए संस्था प्रभारियों को दिशा निर्देश भी दिए गए हैं।