फिर दिन का तापमान गिरा, छाए बादल
मौसम में आए परिवर्तन से एक बार फिर बारिश की स्थिति बन रही है। इस समय होने वाली बारिश फसलों के लिए फायदेमंद बताई जा रही है। हर 15-20 दिन में हो रही बारिश से फसलों को सिंचाई लायक पानी मिल रहा है। इससे न-केवल किसानों की सिंचाई की समस्या हल हो रही है, बल्कि उनके सिंचाई पर खर्च होने वाले लाखों रुपए भी बच रहे हैं।
रविवार को दिन भर आसमान पर बादल छाए रहे। बादलों के बीच सूर्यदेव की लुकाछिपी भी चलती रही। इस बदलाव से तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर चल रहा है। इस बदलाव से शीतलहर भी चल रही है। इससे दिन के तापमान में कमी आई है, जबकि रात के तापमान में वृद्धि हुई है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएस तोमर ने बताया कि आने वाले दिनों में आसमान पर बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं मावठे की बारिश हो सकती है। यह बारिश किसानों के लिए फायदेमंद साबित होगी। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रिकाॅर्ड किया गया है।
मौसम में आए परिवर्तन से रविवार को चलती रही ठंडी हवाएं।