कमरे 6, कक्षाएं लगती हैं 9
कार्यालय संवाददाता | रायसेन
जिलामुख्यालय स्थित हायर सेकंडरी स्कूल ही सरकारी मापदंडों पर खरे नहीं उतर रहे हैं। इस बात का अंदाजा पाटनदेव हायर सेकंडरी स्कूल के भवन को देखकर लगाया जा सकता है। छोटे-छोटे 6 कक्षों के भवन में हायर सेकंडरी और मिडिल स्कूल की 9 कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। हालांकि नया भवन भी निर्माणाधीन है, जिसका 2009 में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने शिलान्यास किया था, लेकिन अभी तक भवन का निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है। अब 6 वर्षों से इंतजार कर रहे कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्रों ने नए भवन की आशा करना ही बंद कर दिया है।
पाटनदेव हायर सेकंडरी स्कूल का संचालन 2002 से प्राथमिक शाला के भवन में ही किया जा रहा है। छात्रों की उम्मीद की नई किरण 2009 में उस वक्त दिखाई दी, जब सीएम शिवराज सिंह द्वारा नए भवन का शिलान्यास किया गया था। पौने दो एकड़ जमीन पर 61 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस भवन को 2 वर्ष में तैयार हो जाना चाहिए था। इसके बाद से ही छात्रों को नए भवन में पहुंचने का इंतजार है, लेकिन 6 साल बीत जाने के बाद भी भवन नहीं बन पाया तो अब 11वीं और 12वीं के छात्रों ने नए भवन में पहुंचने की उम्मीद ही छोड़ दी है।
पाटनदेव के शासकीय स्कूल के पुराने भवन के एक कमरे में दो कक्षाएं लग रही हैं।