बिना नंबर के वाहनों से 50 हजार वसूले
रायसेन| नियमोंको ताक पर रखने वाले वाहन चालकों पर लगातार हो रही कार्रवाई से दहशत बरकरार है। परिवहन अधिकारी द्वारा जिलेभर में वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को भी देहगांव, गैरतगंज और रायसेन में 11 वाहनों को जब्त किया गया है। इसके अलावा चालानी कार्रवाई कर 50 हजार रुपए की वसूली भी की गई है।
मध्य प्रदेश मोटरयान संशोधन अध्यादेश 2014 लागू कर दिया गया है। इस अध्यादेश के अनुसार 1 अक्टूबर से वाहनों का लाइफ टाइम टैक्स जमा कराना है। टैक्स जमा कराने के लिए तीन महीने का समय दिया गया था, लेकिन वाहन मालिकों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। जिला परिवहन अधिकारियों को जिलेभर में सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों से प्राप्त हुए हैं। अभियान के तहत जिला परिवहन अधिकारी ने अमले के साथ पहुंचकर 11 वाहनों को जब्त किया है। इसमें देहगांव में 3 ट्रक जब्त किए।
इनसे करीब 70 हजार रुपए टैक्स के बाकी रह हैं। वहीं एक जेसीबी पर करीब एक लाख रुपए का टैक्स बकाया था। जेसीबी सहित एक स्कूल वैन को भी जब्त किया गया है। रायसेन में तीन और गैरतगंज में 2 वाहनों को जब्त किया गया है। इन वाहनों से करीब 4 लाख रुपए का टैक्स जमा कराना है।
निरंतर कार्रवाई की जा रही
^बगैरनंबर वाहन, कर जमा नहीं करने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। एसकेमालवीय, डीटीओ रायसेन
सागर तिराहे पर डीटीओ एसके मालवीय ने वाहन चालकों पर की कार्रवाई।