मकोड़िया बांध के लिए किसानों का धरना जारी
रायसेन| मेहगांव में मकोड़िया बांध को लेकर अनिश्चितकालीन धरना जारी है । शुक्रवार को बड़ी संख्या में किसानों ने धरने में पहुंचकर अपनी सहभागिता निभाई। कई दिनों से चल रहे धरने में तो किसान बैठ ही रहे हैं, इसके अलावा जन आंदोलन का रूप देने के लिए किसान नेता गांव-गांव में संपर्क कर इसके लिए समर्थन भी जुटा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक जिले में मकोड़िया बांध बनाए जाने की मांग को लेकर नजदीकी जिला विदिशा के हरूखेड़ी में किसान करीब डेढ़ महीने से धारना दे रहे हैं । वहां से शुरुआत होकर जिले में भी बांध की मांग जोर पकड़ने लगी है। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश संगठन मंत्री सुनील गोरे ने बताया कि महिलाओं को भी आंदोलन में शामिल किया जाएगा । इसके लिए प्रयास कर रहे हैं।
यह होगा लाभ : मकोड़िया बांध बन जाने के बाद रायसेन और विदिशा दोनों ही जिले के ग्रामीणों को सिंचाई के लिए पानी मिल पाएगा। अभी इन गांवों में पानी की कमी के कारण दो फसल लेना मुश्किल हो जाता है।