- Hindi News
- कृषि महोत्सव की तैयारी के साथ समय पर खाद उपलब्ध कराएं
कृषि महोत्सव की तैयारी के साथ समय पर खाद उपलब्ध कराएं
कृषिउत्पादन आयुक्त ने कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि खाद का अग्रिम भंडारण कर किसानों को समय पर खाद वितरित किया जाए। कृषि उत्पादन आयुक्त आरके स्वाई ने खरीफ-2014 की समीक्षा एवं रबी 2014-15 कार्यक्रम निर्धारण संबंधी भोपाल एवं होशंगाबाद की बैठक में कही। कलेक्टरों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा है कि कलेक्टर कृषि महोत्सव की तैयारियां समय से पूर्व करवाएं। इसके साथ ही उत्पादन में वृद्धि के लिये फसल-चक्र अपनाने किसानों को प्रेरित कराएं। दलहनी-तिलहनी फसल में सम्पूर्ण पोषक तत्व बुआई के समय डालें। बैठक में कलेक्टर जेके जैन भी उपस्थित थे।
कृषि उत्पादन आयुक्त ने कहा कि पिछले दो वर्ष से मध्यप्रदेश को कृषि कर्मण अवार्ड प्राप्त हो रहा है। यह सभी की मेहनत का परिणाम है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए कृषकों को समय पर उन्नत किस्म का बीज, खाद, बीजोपचार के लिये कल्चर थीरम उपलब्ध करवायें। उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि के लिये नवीन बीज किस्म, उन्नत बीज के क्षेत्र में विस्तार तथा बीज प्रतिस्थापन के स्थान पर किस्म प्रतिस्थापन करवाएं। अधिक लाभकारी नगदी फसलें गन्ना, सरसों मटर लगाएं। उपलब्ध सिंचाई जल का समुचित उपयोग कर प्रति बूंद, ज्यादा फसल उत्पादन लें। उन्नत कृषि यंत्रों के उपयोग के लिये किसानों कों प्रेरित करें। श्री स्वाई ने उन्होंने कलेक्टर और उप संचालक कृषि को निर्देश दिए कि वे फील्ड में जाकर किसानों की समस्याएं सुने। उन्हें आवश्यकतानुसार फसल बोनी करने के लिये प्रेरित करें। इस दौरान किसान-कल्याण तथा कृषि प्रमुख सचिव डॉ. राजेश कुमार राजोरा और सहकारिता के प्रमुख सचिव अजीत केसरी ने विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी। संचालक कृषि विजय पंडित ने खरीफ एवं रबी कार्यक्रम के संबंध में प्रजेन्टेशन दिया।