विदेशों में बढ़ी भारत की साख : स्वराज
दुनियामें भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है और अब दुनिया के देश भारत से जुड़ना चाहते हैं। यह बात विदेश मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद सुषमा स्वराज ने मंडीदीप में 2.10 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण के लिए आयोजित कार्यक्रम में कही।
उन्होंने कहा कि पी-5 देशों के विदेश मंत्रियों ने भारत की यात्रा कर ली है। कई देशों के प्रतिनिधि और मंत्री भारत आने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के सभी देश भारत की नई सरकार को एक मजबूत सरकार के रूप में देखते हैं। वर्तमान सरकार आर्थिक विकास को तीव्र गति से आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि देश में सौ स्मार्ट सिटी बनाने, रेल, अरबन डेवलपमेंट, गांव में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, नदियों की सफाई जैसे अनेक कार्यों को देखते हुए विदेशी भारत में निवेश करने के इच्छुक हैं। विदेशी निवेश से देश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इस दौरान कलेक्टर जेके जैन, एसपी केबी शर्मा, जिपं के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग चौधरी, भाजपा के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र अग्रवाल तथा मंडीदीप नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा जैन उपस्थित रहीं।
विकासकार्य जारी रहेंगे : प्रदेशके पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सुरेन्द्र पटवा ने बताया कि 13 करोड़ रुपए की नल-जल योजना को स्वीकृति के लिए भेजा गया है, जिसे शीघ्र ही स्वीकृति मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में 154 करोड़ की बीमा राशि मिली है जिसमें 40 करोड़ रुपए भोजपुर क्षेत्र के लिए हैं। उन्होंने क्षेत्र के अनेक विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आम आदमी की तकलीफंे कम करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
लोकार्पण शिलान्यास
विदेशमंत्री श्रीमती स्वराज द्वारा मंडीदीप नगर में दो करोड़ 6 लाख रुपए की लागत के विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। इन कार्यों में सीमेंट क्रांकीट सड़क निर्माण, नाली निर्माण, बाउंड्रीवाल, विद्युतीकरण, फुटकर व्यापारियों के लिए गुमठी निर्माण, डब्ल्यूबीएम रोड का निर्माण, कम्युनिटी हॉल आदि शामिल हैं। इसी तरह प्रस्तावित कार्य जो शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे उनमें एक करोड़ 37 लाख रुपए के 9 सीमेंट क्रांकीट सड़क निर्माण, 57 लाख रुपए के नाली निर्माण तथा 12 लाख के बाउंड्रीवाल का निर्माण किया जाएगा।
रायसेन. मंडीदीपमें कार्यक्रम को संबोधित करती विदेश मंत्री सुषमा स्वराज।