हकदारी डाउनलोड न होने से रुका राशन वितरण
गरीबी रेखा से नीचे जीवन गुजारने वाले परिवार इन दिनों रोजाना शासकीय उचित मूल्य पीडीएस की दुकानों के चक्कर काटने को मजबूर हो रहे है,लेकिन उन्हें राशन नहीं मिल पा रहा है। हालांकि विभाग ने दुकानों को राशन सामग्री तो आवंटित कर दी है, मगर वितरण पर रोक लगा रखी है। इससे उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है।
दरअसल नेशनल इंफॉर्मेशन सेंटर एनआईसी के डाटा केलकुलेशन में गड़बड़ी होने की वजह से सर्वर में हकदारी डाटा राशन वितरण सामग्री मात्रा नहीं डाला जा सका है। इससे पीडीएस संचालक सर्वर से हकदारी सामग्री की मात्रा डाउनलोड नहीं कर पा रहे हैं। यह समस्या अकेले औबेदुल्लागंज ब्लाक में नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में आ रही है। विभागीय अधिकारी जल्दी ही इस गड़बड़ी को दूर करने की बात कह रहे हैं।
अब तक खाद्य विभाग द्वारा माह की पहली तारीख को ही गरीबों के लिए राशन सामग्री का आवंटन कर दिया जाता था। जिससे उन्हें पहले सप्ताह में ही पीडीएस दुकानों से राशन मिल जाता था,लेकिन विभाग ने बीते महीने से राशन वितरण की ऑनलाइन व्यवस्था शुरू की है।
सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकार बीएस शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन सेटअप में पात्र परिवार व सामग्री की पात्रता और वितरण संबंधी जानकारी सर्वर में लोड रहती है। राशन वितरण के लिए हर उचित मूल्य की दुकान पर प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीन लगाई गई है। इसमें सिर्फ पात्र परिवार ही आधार नंबर और समग्र आईडी के आधार पर अपनी पात्रता के अनुसार ही राशन सामग्री खरीदने की व्यवस्था है। परिवार के सामग्री लेन-देन का ब्योरा भी ऑनलाइन रहता है।
शुरुआत में ही लडख़ड़ाई व्यवस्था
पीडीएस में कालाबाजारी रोकने के लिए शुरु की गई ऑनलाइन व्यवस्था उपभोक्ताओं के साथ पीडीएस संचालकों के लिए भी परेशानी का सबब बन रही है। उपभोक्ता मोनू चौहान का कहना है कि पुरानी व्यवस्था में दुकान पर कार्ड दिखाते ही राशन मिल मिल जाता था,लेकिन अब तो घंटों इंतजार करना पड़ता है। पर्ची निकलने पर ही राशन मिलता है। एक दुकान के संचालक कल्लू साहू ने बताया कि मशीन ने राहत की जगह परेशानी खड़ी कर दी है। लोगों को राशन मिलने में मुश्किल आ रही है।मशीन पर उपभोक्ताओं का फिंगर सत्यापन फेल होने के कारण उन्हें बिना राशन के ही लौटना पड़ रहा है। एक अन्य दुकानदार ने कहा कि ई-सेल्समैन को मशीन को ऑपरेट करने में भी परेशानी हो रही है।सर्वर डाउन होने से गरीबों को समय से राशन नहीं मिल पा रहा है।
ब्लाक की 97 पीडीएस दुकानों के लिए आवंटित सामग्री क्विंटल
गेहूं 770 क्विंटल
चावल 1820 क्विंटल
शकर 385 क्विंटल
नमक 384 क्विंटल
कुछ तकनीकी गड़बड़ी है
एनआईसी के डाटा केलकुलेशन में कुछ गड़बड़ी के कारण सर्वर में वितरण सामग्री का डाटा लोड नहीं किया गया है। इससे दुकानदार हकदारी डाउनलोड नहीं कर पा रहे है। इसके चलते विभाग ने राशन वितरण पर रोक लगा रखी है। आरके शुक्ला, जिला खाद्य अधिकारी रायसेन