दो साल में भी कॉलोनी में नहीं जरूरी सुविधाएं
मऊ पथरई रोड पर विकसित की जा रही राम नगर कालोनी में सुविधाएं नहीं मिलने पर यहां के रहवासियों ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर कॉलोनाइजर की शिकायत की है। इस शिकायत को सीईओ स्वरोचिश सोमवंशी ने गंभीरता से लेकर नगर पालिका सीएमओ को जांच करने के निर्देश दिए हैं।
अपनी शिकायत लेकर आए मऊ पथरई रोड स्थित राम नगर काॅलोनी निवासी मस्तराम कुर्मी, किशोर सिंह, रामस्वरूप सिंह, हेमेन्द्र, अजहर उद्दीन मंसूरी आदि रहवासियों ने सीईओ श्री सोमवंशी को आवेदन देकर बताया कि उन्होंने जिला मुख्यालय में राम नगर काॅलोनी में दो वर्ष पहले प्लाट खरीदे थे। प्लाट विक्रय करते समय कॉलोनाइजरों ने कालोनी में शीघ्र ही विद्युत, आरसीसी सड़क, नाली निर्माण सहित अन्य महत्वपूर्ण मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया था। लेकिन दो साल बाद भ कालोनी में कोई सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। उनके द्वारा इस संबंध में अनेक बार कॉलोनाइजरों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन उनके द्वारा कुछ नहीं किया गया। जिससे रहवासियों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सीईओ श्री सोमवंशी ने नपा सीएमओ को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।