- Hindi News
- लोकायुक्त टीम ने लिपिक को दो हजार की रिश्वत लेते पकड़ा
लोकायुक्त टीम ने लिपिक को दो हजार की रिश्वत लेते पकड़ा
कार्यालय संवाददाता| रायसेन/देवरी
शुक्रवारको लोकायुक्त पुलिस ने देवरी तहसील के लिपिक भगवानदास मरावी को दो हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। लिपिक ने रिश्वत की उक्त राशि जमीन पर कब्जा दिलाने संबंधी आदेश निकालने के लिए मांगी थी। यह शिकायत ग्राम अलीवाड़ा के शहीद खां ने लोकायुक्त से की थी।
इस शिकायत के बाद लोकायुक्त की टीम शुक्रवार को देवरी पहुंची। यहां पर योजनाबद्ध तरीके से शिकायतकर्ता शहीद खां को रिश्वत की राशि देकर तहसील कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 भगवानदास मरावी के पास भेजा। लिपिक श्री मरावी ने जैसे ही यह राशि ली, वैसे ही लोकायुक्त के इंस्पेक्टर बीके सिंह, सुनील लाहटा और अरुण पाल ने अपने दल के साथ वहां पर छापा मार दिया और लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। इंस्पेक्टर बीके सिंह ने बताया कि तहसील कार्यालय में पदस्थ लिपिक भगवानदास मरावी द्वारा शिकायतकर्ता शहीद खां से दो हजार रुपए की रिश्वत जमीन का कब्जा दिलाने संबंधी आदेश निकलवाने के लिए मांगी थी। उक्त शिकायत आने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
सात साल से था फरियादी परेशान
ग्रामअलीवाड़ा निवासी शहीद खां ने बताया कि डेढ़ एकड़ की जमीन का कब्जा संबंधी आदेश निकलवाने के लिए वह सात साल से परेशान था। तहसील कार्यालय में उसके पक्ष में फैसला हो चुका है। इसके बाद भी लिपिक द्वारा आदेश नहीं बनाया जा रहा था। इस आदेश को बनाने के लिए लिपिक ने दो हजार रुपए रिश्वत के रूप में मांगे थे। रिश्वत मांगने की शिकायत शहीद ने लोकायुक्त में कर दी थी।
देवरी। कार्रवाईकरती लोकायुक्त की टीम। इनसेट : आरोपी लिपिक भगवानदास मरावी।