तेज रफ्तार कार पुलिया में गिरी, दो की मौत, 6 लोग गंभीर घायल
आनंदपुर से डेढ़ किमी दूर रेशम केंद्र के पास हुआ हादसा
भास्कर संवाददाता| विदिशा
आनंदपुर से लटेरी की तरफ आ रही एक टवेरा कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी। इससे कार में सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला व पुरुष है। जबकि कार में सवार 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना बुधवार रात 7.55 बजे की है। रफ्तार अधिक होने से कार पुलिया के नीचे जा गिरी थी। कार इतनी बुरी तरह तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी कि घायलों को गेट तोड़कर बाहर निकालना पड़ा। 108 एंबुलेंस से मृतकों व घायलों को लटेरी अस्पताल लाया गया।
आनंदपुर से डेढ़ किमी दूर रेशम केंद्र के पास स्थित पुलिया पर रायसेन जा रही टवेरा कार पुलिया से नीचे जा गिरी। पुलिया से करीब 15 फीट नीचे गिरी यह कार कई पलटी खाकर दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। जानकारी के मुताबिक कार में सवार लोग गुना जिले के सेमरी गांव में से लौटकर रायसेन जा रहे थे। सभी लोग रायसेन जिले के ग्राम वीदपुरा निवासी बताए जा रहे हैं। इस हादसे में 35 वर्षीय बबली बाई व कार चालक पर्वत सिंह उम्र 40 वर्ष की मौत हो गई है। जबकि घायलों में जसवीर सिंह उम्र 40 वर्ष, लालाराम जाट उम्र 50 वर्ष, सरजू बाई उम्र 50 वर्ष, मनोज उम्र 22 वर्ष ऊधम सिंह 60 वर्ष व छतर सिंह घायल हैं। मृतक बबली बाई इस हादसे में घायल हुए जसवीर सिंह की प|ी है।
रात 9 बजे लटेरी अस्पताल पहुंचाया: घायलों को रात करीब 9 बजे लटेरी के सराकारी अस्पताल में लाया गया। एक साथ इतनी अधिक संख्या में घायलों के आ जाने से अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल रहा। एसडीएम सहित लटेरी थाना प्रभारी मौके पर मौजूद रहे। अस्पताल में घायलों का प्राथमिक इलाज किया गया।
गमी से लौट रहा था परिवार
कार में सवार यह परिवार गुना में गमी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गया हुआ था। गुना से लौटते वक्त आनंदपुर के पास यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक कार की रफ्तार तेज थी। इससे चालक पुलिया के पास नियंत्रण खो बैठा और कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना स्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालना शुरू कर दिया था। हालांकि सूचना मिलने पर लटेरी व आनंदपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। घायलों व मृतकों को लटेरी अस्पताल लाया गया। सूचना मिलने पर लटेरी एसडीएम विवेक रघुवंशी भी लटेरी अस्पताल घायलों की स्थिति देखने पहुंच गए थे।