- Hindi News
- लूट की योजना बनाते हुए पांच बदमाश गिरफ्तार
लूट की योजना बनाते हुए पांच बदमाश गिरफ्तार
रायसेन| बीतीरात उदयपुरा पुलिस ने नेशनल हाईवे क्रमांक 12 पर लूट की वारदात काे अंजाम देने से पहले ही पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से हथियार भी जब्त किए गए हैं।
पिछले कुछ दिनों से नेशनल हाईवे पर आम राहगीरों और ट्रक चालकों के साथ लूटपाट मारपीट की घटनाएं हो रही थीं। इन घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस द्वारा सर्चिंग शुरू की गई थी। बरेली एसडीओपी अनिल शर्मा ने बताया कि एनएच 12 पर उदयपुरा-देवरी के बीच ग्राम घाना टुंडा के पास ब्रजेश लोधी की सुनसान दुकान में पांच बदमाश घातक हथियारों से लैस होकर लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। मुखबिर से यह सूचना मिलने के बाद योजनाबद्ध तरीके से वहां पर छापामार कार्रवाई की गई। पुलिस की तीन टीमों ने घेराबंदी कर ग्राम चंद्रपुरा निवासी कृष्णपाल उर्फ छोटू राजपूत, सुन्दर नोरिया, दीनदयाल उर्फ दीना हरिजन, दर्शन नोरिया, चूड़ामन राजपूत को गिरफ्तार कर लिया।
इन आरोपियों में छोटू, दीना एवं सुंदर आदतन अपराधी हैं, जिनके खिलाफ मामले दर्ज है। बदमाश छोटू से एक देसी 32 बोर पिस्टल, दीना उर्फ दीनदयाल, चूड़ामन एवं सुन्दर से छुरी तथा दर्शन से एक कुल्हाड़ी बरामद हुई है। इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अनुविभागीय अधिकारी अनिल शर्मा, उदयुपरा थाना प्रभारी केके भार्गव तथा थाना प्रभारी देवरी गिरीश दुबे को पुलिस अधीक्षक केबी शर्मा ने पुरस्कार देने की घोषणा की है।