- Hindi News
- लोक अदालत में आपसी सहमति से निबटे सैकड़ों प्रकरण
लोक अदालत में आपसी सहमति से निबटे सैकड़ों प्रकरण
कोर्टपरिसर में शनिवार को लगी नेशनल लोक अदालत में आपसी सहमति के बाद विभिन्न महकमों के सैकड़ों प्रकरणों का निराकरण किया गया। इस बीच मनमानी राशि के मिले बिजली बिल से परेशान एक निशक्त युवक ने बिजली बिल कम नहीं करने की दशा में अपने ऊपर तेल डालने की चेतावनी दे डाली।
शनिवार को कोर्ट परिसर में लगी लोक अदालत में बिजली, बैंक, फायनेंस कंपनी आदि महकमों के बकायादारों के सैकड़ों प्रकरणों में से कई प्रकरण आपसी सहमति के बाद निबटाए गए। लोक अदालत का शुभारंभ अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अध्यक्ष विधिक सेवा प्राधिकरण आरसी एस बिसेन, मनीषा बसेर, व्यवहार न्यायाधीश हर्ष सिंह बेहरावत, विपिन सिंह भदौरिया, चंद्रशेखर राठोर एसडीएम लखन सिंह टेकाम ने किया।
परेशान निशक्त ने दी चेतावनी
लोकअदालत में बिजली बिल से परेशान होकर पहुंचे राजगढ़ रोड निवासी निशक्त भारत सिंह चौधरी ने बिजली कंपनी के अधिकारियों से अपना बिजली बिल ठीक कराने की बात कही। सुनवाई नहीं करने पर अपने ऊपर तेल डालने की चेतावनी दे डाली। बिजली कंपनी द्वारा उक्त निशक्त को 34 हजार का बिल इसलिए थमाया गया था कि उसके घर में लगा मीटर कम रीडिंग बता रहा था। इधर निशक्त युवक के अनुसार इससे पहले उन्हें प्रति माह बिजली कंपनी द्वारा सात से आठ सौ रुपए का बिल दिया जाता था। बिजली कंपनी के एई कैलाश चौधरी ने इस मामले को वरिष्ठ अधिकारी तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। वहीं बिजली बिलों से परेशान कई महिलाएं भी लोक अदालत पहुंची थी। महिलाओं के अनुसार बिजली कंपनी ने उन्हें मन माफिक राशि के बिल थमा दिए थे। जबकि लोक अदालत में सिर्फ वे ही केस हल किए गए जो कोर्ट द्वारा पहुंचाए गए थे।
ब्यावरा। मनमाने बिजली बिल थमाने पर अपने आत्महत्या की चेतावनी देता निशक्त।