ध्वजारोहण के साथ महादेव मेला शुरू
कार्यालय संवाददाता| नरसिंहगढ़
गुरुवारको श्री बैजनाथ महादेव मेले की शुरुआत नपाध्यक्ष उर्मिला उपाध्याय ने मेले वाला बाग में ध्वजारोहण से की। इसके पहले पूजा पाठ कर बाबा बैजनाथ से मेले के सफल आयोजन की कामना की गई। सीएमओ एनके चौधरी ने बताया कि मेले में शामिल होने के लिए स्थानीय के अलावा बाहर के व्यापारियों को न्योता दिया गया है। सभी के लिए पानी, बिजली और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। मेले का समापन 26 फरवरी को शिवजी के अभिषेक के साथ होगा। ध्वजारोहण के दौरान बड़ी संख्या में वरिष्ठजन और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
मेलेमें बाहर से आने लगे पशु व्यवसायी
मेलेमें शामिल होने के लिए आसपास के गांवों के साथ दूसरे राज्यों से भी पशु-व्यवसायी आने लगे हैं। खिलचीपुर के व्यवसायी दीनदयाल गुर्जर ने बताया कि वे पिछले 40 सालों से बैजनाथ महादेव मेले में रहे हैं। शाजापुर जिले के बुजुर्ग राधेश्याम का कहना है कि उन्होंने रियासती दौर का मेला भी देखा है। तब वे छोटे थे और अपने पिता के साथ यहां आया करते थे। मेले को लेकर स्थानीय बच्चों में उत्साह का माहौल है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार मेला ज्यादा लंबा और बेहतर चलेगा, क्योंकि इसके तुरंत बाद राजगढ़ में लगने वाला बाबा बदख्शानी का उर्स थोड़ा आगे बढ़ गया है। हालांकि अब तक बच्चों के आकर्षण का खास केंद्र बिजली के झूले मेले में नहीं आए हैं। नपा के मुताबिक झूला व्यवसायी जल्दी ही आने वाले हैं।
बार-बार रंग बदलते मौसम ने मेले के व्यवसायियों और दूसरे लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है। गुरुवार को दिन में गर्मी का अहसास था और शाम को ठंडी हवाओं के साथ आसमान में बादल छा गए। पिछले साल भी बारिश की वजह से मेले का रंग फीका पड़ गया था। इससे लोग चिंतित हैं।
श्री बैजनाथ महादेव मेले का शुभारंभ नपाध्यक्ष ने ध्वजारोहण से किया।