- Hindi News
- भोपाल रामगंजमंडी रेल लाइन, सफाई कराने की उठाई मांग
भोपाल-रामगंजमंडी रेल लाइन, सफाई कराने की उठाई मांग
कार्यालय संवाददाता|नरसिंहगढ़
मंगलवारको स्थानीय लोगों ने दो बड़े मुद्दों पर अपनी सक्रियता दिखाई। भोपाल- रामगंजमंडी रेलवे लाइन के बजट को बढ़ाने और शहर में सफाई के इंतजामों में सुधार के लिए नगरपालिका और एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन दिए। सफाई के मुद्दे पर नगरपालिका कार्यालय में सीएमओ एनके चौधरी का घेराव किया गया।
लोगों ने सीएमओ को चेतावनी दी कि शहर में अगर सफाई के वाजिब इंतजाम नहीं किए गए और सुअरों को जल्दी बाहर नहीं भेजा गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। गणेश चौक मार्ग पर मरे हुए सुअरों को फेंकने पर भी आपत्ति जताई गई। ज्ञापन देने वालों में गजेंद्र सोनी, सत्येंद्र राठौड़, दीपेंद्र शर्मा, सतीश बिहानी, रिंकू जाट, भगवतीशरण शर्मा, मटरू गौतम, हेमंत नामदेव, राहुल शिवहरे, आशू शर्मा, गोविंदा वैद्य, रजत काबरा, रोहित वर्मा आदि शामिल थे।
चारदशकों से चल रहा है रेलवे लाइन का मुद्दा
शहरमें रेल- सुविधा के लिए सन 1960 के दशक से भोपाल- रामगंजमंडी रेलवे लाइन की तैयारी चल रही है। हालांकि इसमें अब तक भोपाल की ओर से होने वाला काम शुरू नहीं हुआ है।
रेल सुविधा का इंतजार करते हुए शहर में तीन पीढियों बीत गई हैं। वर्ष 2011 में इसके लिए बड़े स्तर पर आंदोलन भी हुआ था। इसके बावजूद केंद्र शासन से हर साल बजट में राजगढ़ जिले को वाजिब हक नहीं दिया जाता है। इस वजह से इस मुद्दे पर स्थानीय लोगों में निराशा है।
अपने पालतू सूअरों को पशुपालकाें ने ट्रक में भरकर शहर से बाहर भेजना शुरू कर दिया है।
रेलवे लाइन के बजट की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन दिया गया।
भोपाल- रामगंजमंडी रेलवे लाइन का काम जल्दी शुरू करवाने और नरसिंहगढ़ -कुरावर क्षेत्र में सर्वे, मुआवजा आदि के लिए नए बजट में पर्याप्त राशि मंजूर करने की मांग को लेकर स्थानीय रहवासियों ने मंगलवार को प्रधानमंत्री और रेलमंत्री के नाम एसडीएम प्रतिभा पाल को ज्ञापन दिया। इस मौके पर मौजूद नपा उपाध्यक्ष दीपक पालीवाल ने कहा कि रेल लाइन जितनी जल्दी शुरू होगी, शहर और क्षेत्र का विकास भी उतनी ही तेजी से होगा। दीपेंद्र शर्मा, गजेंद्र सोनी, सत्येंद्र राठौड़, सुरेश नागर, कपिल वैद्य, मोनू शर्मा, हनी शर्मा आदि ने कहा कि रेलवे लाइन आने से सबसे ज्यादा फायदा कमजोर आयवर्ग वालों को होगा। अभी लोगों को महंगा किराया देकर भोपाल, राजस्थान आदि का सफर करना पड़ता है। रेल सुविधा शुरू होने से यात्रा सस्ती और सुलभ हो जाएगी। अगर इस दिशा में अभी से काम शुरू हुआ तो भी सुविधा मिलने में कम से कम एक दशक लग ही जाएगा। इस लिहाज से इसे जल्दी से जल्दी शुरू करना बेहद जरूरी है। नागरिकों ने बताया कि जल्दी ही एक प्रतिनिधिमंडल सांसद रोडमल नागर से भी मिलेगा।
सभी मुद्दों पर होगा कार्य
^शहरको रोगमुक्त बनाए रखने के लिए सभी सूअर पालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने जानवरों को शहर से बाहर छोड़ें। यदि ऐसा नहीं किया गया तो फिर सख्ती बरती जाएगी। इस पर तेजी से काम शुरू हो गया है। स्वच्छता इंतजामों को व्यवस्थित बनाने के लिए स्वच्छता शाखा से जानकारी ली जा रही है। उर्मिलाउपाध्याय, नपाध्यक्ष नरसिंहगढ़
शहर से बाहर किए गए अब तक तीस सूअर
स्वाइनफ्लू की आशंका से नगरपालिका ने शहर में घूम रहे सुअरों काे बाहर करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को सूअर-पालकों ने ट्रक में भरकर 30 सुअरों को बाहर भेजा। नगरपालिका के मुताबिक सुअरों को बाहर भेजने का सिलसिला जारी रहेगा। दूसरी ओर स्थानीय लोगों ने इसे नाटकबाजी करार दिया है। लोगों का कहना है कि हर बार नगरपालिका थोड़े-बहुत सुअरों को बाहर करवाकर अपने कर्त्तव्य की इतिश्री कर लेती है। जबकि कायदे से शहर को पूरे साल पूरी तरह सूअरमुक्त रखना चाहिए।
सफाई और सूअरों को शहर से बाहर करने के मुद्दे पर सीएमओ से चर्चा करते हुए नागरिक।