- Hindi News
- हौसला बुलंद हो तो मंजिल पाना मुश्किल नहीं
हौसला बुलंद हो तो मंजिल पाना मुश्किल नहीं
भाग्यभी उन्हीं का साथ देता है जिनके पास मजबूत इरादे होते हैं। संकल्पों को पूरा करने के लिए चुनौतियों से लड़ने का हौसला होना जरूरी है। यह बात आरसेटी द्वारा विकलांगों के लिए चलाए जा रहे स्वरोजगार प्रशिक्षण के तहत मोटीवेशन कार्यशाला में कलेक्टर आनंदकुमार शर्मा ने कही।
सोमवार को दोपहर डेढ़ बजे से आयोजित इस कार्यशाला में मुख्य वक्ता श्री शर्मा ने कहा कि मुसीबत और कठिनाइयां हर मनुष्य के जीवन में होती हैं। बस फर्क उनके सामना करने का है। उन्होंने कहा कि इस ट्रेनिंग कार्यक्रम के तहत युवाओं को शासन की तरफ से निशुल्क कोचिंग, कंप्यूटर ट्रेनिंग सहित दूसरी सुविधाएं दिलाई जा रही हैं लेकिन इस ट्रेनिंग का लाभ तभी है जब खुद विद्यार्थी अपनी मुसीबतों से छुटकारा पाने के लिए मेहनत करे। सीईओ जिला पंचायत संतोष वर्मा ने कहा कि विकलांगता बड़ी चुनौती है मगर यह लक्ष्य पाने में बाधा नहीं बन सकती। मजबूत इरादों के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इस मौके पर उप संचालक सामाजिक न्याय विनोद वाग, एलडीएम संजयकुमार सिंहा सहित आरसेटी जिला प्रबंधक सुरेश चंद जैन आदि मौजूद रहे।
राजगढ़। विकलांगों की हौसला अफजाई के लिए दिखाई शार्ट फिल्म। -भास्कर
दिखाई अरुणिमा के हौसले की कहानी
कलेक्टर श्री शर्मा ने विकलांगों को एवरेस्ट फतह करने वाली अरुणिमा सिन्हा पर बनाई शार्ट फिल्म दिखाई। इस फिल्म में नेशनल लेवल की वॉलीबॉल प्लेयर को लुटेरों द्वारा ट्रेन से फेंकने, एक पैर काटे जाने के बावजूद एवरेस्ट फतह करने की प्रेरणादायी कहानी विकलांगों को दिखाई गई।