इंदौर पुलिस ने बरामद की 17 बाइक, 1 जीप
खिलचीपुर| क्षेत्र के गांवों में बेची गईं चोरी की 17 बाइक व एक बोलेरो जीप इन्दौर पुलिस ने बरामद कर ली हैं। जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर गैंग के सदस्य इन चोरी के वाहनों को इन्दौर से लाकर यहां दलालों के जरिए खपाते थे। इधर इस बड़े रैकेट के सक्रिय होने के बावजूद खिलचीपुर पुलिस को इस मामले में कोई जानकारी ही नहीं थी।
एएसपी संजय सिंह ने बताया कि एक आरोपी से मिली सूचना पर इंदौर पुलिस का ध्यान खिलचीपुर क्षेत्र में बेची जा रही चोरी की बाइकों पर गया। यह भी पता लगा कि खिलचीपुर इलाके में कई सालों से आसपास व दूसरे शहरों से लाई गई चोरी की बाइक दलालों के माध्यम से बेचने और खरीदने का काम जारी है। मामले का खुलासा तब हुआ, जब इंदौर के संयोगितागंज थाने में एक बाइक चोरी के आरोपी को पकड़ कर पूछताछ की गई। आरोपी ने कबूला कि इन्दौर से चुराई सैकड़ों बाइक राजगढ़ जिले के खिलचीपुर क्षेत्र के बामनगांव और तलेन के दलालों के माध्यम से बेची जा रही थीं। इंदौर के संयोगितागंज थाने के एसआई सुरेंद्र सिंह रघुवंशी, प्रधान आरक्षक सहित दो आरक्षकों की टीम खिलचीपुर थाने में 3 दिनों से बाइक चोरों को पकड़ने सक्रिय रही। टीम ने अलग-अलग जगहों से 17 बाइकें बरामद की। जबकि भोजपुर थाने के गणेशपुरा गांव से चोरी की एक बोलेरो जीप भी पकड़ने में सफलता मिली। हालांकि पुलिस अब तक इस बोलेरो जीप के चोरों का पता नहीं लगा पाई है। पुलिस ने फिलहाल सिर्फ बाइक चोरों को ही दबोचा है। जबकि खरीददारों पर कोई कार्रवाई नहीं की। इस मामले ने पुलिस की मंशा पर सवाल खड़ा कर दिया है।
नहीं दे रहे जानकारी
वाहन चोरी के मामले में की गई इस बड़ी कार्रवाई को लेकर मीडिया को दूर रखा गया। न तो इंदौर से आई टीम ने इस बारे में ज्यादा खुलासा किया और न ही स्थानीय पुलिस कुछ बोली। इतना ही नहीं इस मामले में अब तक कितने लोगों को गिरफ्तार किया गया, यह भी नहीं बताया जा रहा। माना जा रहा है कि चोरी के वाहन बेचने के मामले में क्षेत्र के कई रसूखदार लोग शामिल हैं। इस कारण उन्हें बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल हमने इस क्षेत्र में कुछ जगहों पर छापामारी कर चोरी की 17 बाइक बरामद की हैं। बाकी अन्य जगहों से भी बरामद की जाना है। कार्रवाई पूरी होने पर ही हम इस बारे में कोई जानकारी दे सकेंगे। - सुरेंद्रसिंह रघुवंशी, एएसआई थाना संयोगिता गंज इंदौर