- Hindi News
- अमेरिका के हमले बेअसर, आईएस आतंकी बगदाद के गेट तक पहुंचे
अमेरिका के हमले बेअसर, आईएस आतंकी बगदाद के गेट तक पहुंचे
बगदाद/गाजियानटेप (तुर्की) | इराकऔर सीरिया में अमेरिका के हवाई हमले असरदार साबित नहीं हो रहे हैं। इसीलिए इस्लामी स्टेट (आईएस) के लड़ाके सोमवार को इराकी राजधानी बगदाद के दरवाजे तक पहुंच गए हैं। इसके बाद वॉशिंगटन में राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भी कहा है कि वे आईएस की ताकत भांपने में विफल रहे हैं। दूसरी ओर, आईएस के आतंकी सीरियाई-कुर्द शहर कोबानी पर कब्जे के लिए भी खूनी संघर्ष कर रहे हैं। कोबानी कब्जे में आते ही रक्का से तुर्की की सीमा तक करीब 100 किलोमीटर के इलाके पर उनका नियंत्रण हो जाएगा। रक्का को आईएस ने अपनी राजधानी घोषित कर रखा है।
कोबानी के अधिकारी इदरीस नसम ने कहा, ‘हमें हथियारों की सख्त जरूरत है। यही हाल रहा तो भारी नरसंहार होगा, उसके बाद की कल्पना नहीं की जा सकती।’ रविवार को सीबीएस सिक्सटी मिनट प्रोग्राम को अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने संबोधित किया। कहा, ‘हमने सीरिया के गृहयुद्ध के दौरान वहां के हालात बहुत कम आंका। उस देश को आतंकियों के लिए ग्राउंड जीरो बन जाने दिया।’ उन्होंने कहा, ‘हमारी दूसरी बड़ी गलती इराक के सुरक्षा बलों की ताकत को कुछ ज्यादा आंकना था।’ हाल के कुछ दिनों में इस्लामी स्टेट के आतंकी सीरिया और इराक दोनों देशों में लड़ रहे हैं।