अक्षता शिवांशी सेमीफाइनल राउंड में
इन्दौर | सिकाएजुकेशन ट्रस्ट की मेजबानी में आयोजित तीसरी सीबीएसई राष्ट्रीय एरोबिक्स स्पर्धा में मेजबान सिका स्कूल की शिवांशी कुशवाह और अक्षता श्रीवास्तव ने बालिका अंडर-19 के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। एमरल्ड हाइट्स की रीतकौर सलूजा, विद्यासागर की अवान्या वाधवा भी सेमीफाइनल में पहुंची। इससे पूर्व स्पर्धा की रंगारंग शुरुआत देअविवि के शारीरिक शिक्षा निदेशक डॉ. अजय कुमार साहनी के मुख्य आतिथ्य में हुई। इस मौके पर पर्यवेक्षक श्रीमती मीनू वोहरा, सिका एजुकेशनल ट्रस्ट के चेयरमैन एसबीएस अय्यर, वीएस मणि आदि मौजूद थे। पहले दिन बालिका 19 वर्ष में कुल 12 खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल राउंड में प्रवेश किया। सेमीफाइनल राउंड के बाद 6 खिलाड़ी फाइनल राउंड में खेलेंगी।
सिटी इंटरनेशनल पुणे की मृणाल भोंसले, हंसराज देहली की इशिका सिंधु, डीएवी पब्लिक पंजाब की इशु डीएवी पब्लिक दिल्ली की कोमल बेनीवाल, मिलेनियम अमृतसर की ईरा चौपड़ा, स्कूल ऑफ स्कालर्स अमरावती की पूर्ण लोणकर ने सेमीफायनल राउंड में अपना स्थान सुनिश्चित किया। बालिका अंडर-14 के व्यक्तिगत मुकाबलों में श्रुतिका भंडारे, ऐश्वर्या कधाने, ध्रुविका राठौर, नव्या नायर, सायना चौपड़ा, सुरभि शर्मा, साई एन. चिमोटे, प्राची, श्रुति झा, मरियम, याशी डिंगवानी, निशिका देशमुख ने सेमीफायनल में जगह बनाई। टीम वर्ग के मुकाबलों की शुरूआत बुधवार को सुबह के सत्र से होगी।