हाई अलर्ट में शक्तिशाली ग्रेनेड मिला
पड़ावइलाके में तानसेन रोड पर रविवार सुबह ग्रेनेड मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रेनेड सड़क के किनारे मिला, जहां पर सामान्यत: पांच सौ वाहन प्रति घंटे निकलते हैं।
बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड ने चेक करने के बाद पुलिस अफसरों को बताया कि यह बम शक्तिशाली है। इसके बाद बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड इसे लेकर मेला ग्राउंड पहुंचा। यहां लगभग आठ घंटे की मशक्कत के बाद बम को डिफ्यूज किया जा सका। बम इतना शक्तिशाली था कि फटने के बाद यह 40 से 50 मीटर के दायरे को तहस-नहस कर सकता था। पुलिस ने सेना के अफसरों को भी बम की पहचान करने के लिए बुलाया। उन्होंने कहा बम उनका नहीं है। पुलिस पता कर रही है कि बम यहां पर कैसे आया और यहां बम रखने वाले का मंसूबा क्या था? बम डिफ्यूज होने के बाद उसके मेटेरियल की जांच के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट अखिलेश भार्गव को भी मौके पर बुलाया गया था। शहर में हरियाणा के राज्यपाल कप्तानसिंह सोलंकी केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर के आगमन के चलते रविवार को सुरक्षा के लिहाज से पुलिस हाई अलर्ट पर थी।
तानसेन रोड स्थित पुरानी बनियान फैक्टरी के बाहर मैकेनिक मुन्ना खान की दुकान है। रविवार सुबह लगभग सात बजे मुन्ना खान दुकान खोलने पहुंचे तो यहां बम रखा देखा। मुन्ना ने तुरंत पड़ाव थाने की पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बम को टायरों के बीच कवर करने के साथ ही बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड को बुला लिया। सुबह लगभग दस बजे बम को यहां से उठाकर मेला ग्राउंड पर ले जाया गया। पुलिस को आशंका थी कि बम सेना का हो सकता है। इसलिए सेना के अफसरों को भी मेला ग्राउंड बुलाया गया। लेकिन इन्होंने कहा कि यह बम उनका नहीं है। इसके बाद पुलिस ने ही बम को डिफ्यूज करने की व्यवस्था की। इस तरह लगभग आठ घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 2.50 बजे बम को डिफ्यूज किया जा सका।