बास्केटबॉल में फिलीपींस से हारा भारत
इंचियोन |बेहतरीन प्रदर्शन के साथ शुरुआत करने वाली भारतीय बास्केटबॉल टीम को इंचियोन एशियाई खेलों के चौथे दिन मंगलवार को अपने पहले ग्रुप-ई मैच में फिलीपींस के हाथों 76-85 के अंतर से पराजय का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम ने मैच में बेहतरीन शुरुआत की लेकिन सभी चारों क्वार्टर में फिलीपींस की टीम उसपर भारी साबित हुई। ग्रुप-ई के पहले मैच में टीम इंडिया उतनी मजबूत साबित नहीं हुई और हासियोंग स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुए इस मुकाबले में भारतीय समर्थन के बावजूद उसे हार का सामना करना पड़ा।
इससे पहले सोमवार को भारतीय टीम ने अपने क्वालिफाइंग राउंड के ग्रुप- बी मैच में कजाकिस्तान को बड़े अंतर से 80-61 से हराया था। भारत ने पहले,दूसरे,तीसरे और चौथे क्वार्टर में क्रमश 16, 37, 56 और 76 का स्कोर किया जबकि फिलीपींस ने 24, 50, 70 और 85 का स्कोर कर जीत अपने नाम की। भारत का ग्रुप में दूसरा मुकाबला बुधवार को ईरान के साथ होगा।