निर्धन बच्चे पिएंगे अचलनाथ पर चढ़ाया गया दूध
ग्वालियर | अचलेश्वर महादेव पर चढ़ाया गया दूध अब निर्धन बच्चे पिएंगे। इसके लिए अचलेश्वर महादेव सार्वजनिक न्यास ने मंदिर परिसर में दो स्टील की टंकी रख दी हैं। मंदिर में अचलनाथ का अभिषेक करने आने वालाें को न्यास के पदाधिकारियों ने समझाइश देना शुरू कर दिया है कि वह बाबा को थोड़ा दूध अर्पित करने के बाद शेष दूध को टंकी में डालें।
यह दूध निर्धन बच्चों को पिलाया जाएगा ।
अचलेश्वर न्यास के कार्यकारी न्यासी बसंत शर्मा, अध्यक्ष हरीदास अग्रवाल, सचिव भुवनेश्वर वाजपेयी ने बुधवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए बताया कि न्यास की इस पहल का श्रद्धालुओं ने भी स्वागत किया है और वे इसको अमल में लाने लगे हैं। इतना ही नहीं मंदिर में चढ़ाए गए फूल व बेलपत्री का सदुपयोग हो सके इसी बात को ध्यान में रखकर इन फूलों काे प्रयोग जीवाजी यूनिवर्सिटी के जूलाजी अध्ययनशाला को दिया जा रहा है। वहां इन फूलों का उपयोग छात्रों के अध्ययन के साथ-साथ खाद बनाने में भी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि न्यास ने धार्मिक आयोजन के साथ लोगों के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा है। इसी उद्देश्य से न्यास ने हेल्थ शिविर लगाए हैं। इन शिविरों में मरीज लाभान्वित हुए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बाथरूम बनाया जा रहा है और आगामी दिनों में ओपीडी भी संचालित की जाएगी।।
बसंत पंचमी पर होने वाले सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन के बारे में उन्होंने बताया कि विवाह सम्मेलन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेला ग्राउंड पर मंच बनाया जाएगा। सम्मेलन में 83 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। दंदरौआ सरकार के महंत महामंडलेश्वर रामदास महाराज, गंगादास की शाला के महंत रामसेवक दास महाराज, महंत कमलदास महाराज, संत कृपाल सिंह, लक्ष्मी नारायण मंदिर के बाबा महाराज, बालाजी दरबार के गौरव महाराज सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का मेला ग्राउंड में सुबह 11 बजे दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ करेंगे। वर-वधू को आशीर्वाद मुरैना के सांसद अनूप मिश्रा, महापौर विवेक शेजवलकर, नगर निगम के सभापति राकेश माहोर देंगे।