कुपवाड़ा में मुठभेड़, 5 आतंकी मार गिराए, 2 जवान भी शहीद
भास्कर न्यूज नेटवर्क | श्रीनगर
सुरक्षाबलों ने शनिवार सुबह पांच आतंकियों को मार गिराया। मुठभेड़ में दो जवान भी शहीद हो गए, तीन घायल हुए हैं। जवानों के शहीद होने के बाद तो सेना ने वह मकान ही उड़ा दिया, जिसमें आतंकी छिपे थे। उनके पास मिले सामान से पता चला है कि ये पाक में जैश के आतंकी थे। अभी इनकी पहचान नहीं हो पाई है।
कुपवाड़ा के एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि आतंकियों का एक दल हाल में घुसपैठ करके मरसारी गांव में दाखिल हुआ है। उसके बाद पांचों ने गांव में पनाह ले रखी थी। इस पर सेना तथा पुलिस की टीम ने शुक्रवार रात को ऑपरेशन चलाया। रात में मुठभेड़ के दौरान दो जवान घायल हो गए थे। अंधेरे के कारण टीम ने फायरिंग बंद कर आतंकियों को घेरे रखा। शनिवार सुबह दोनों ओर से फिर फायरिंग शुरू हुई, जिसमें सेना के शंकर चंद्रभान शिंदे तथा सहदेव मारुति शहीद हो गए वहीं, तीन जवान घायल हो गए। इसके बाद तो टीम ने उस मकान को ही उड़ा दिया जिसमें आतंकी छिपे थे। मलबे से पांच आतंकियों के शव बरामद हुए हैं। इनके पास भारी मात्रा में गोला-बारूद था। शवों की शिनाख्त की जा रही है।
सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि बनिहाल के बाजपतरी जंगल में हलचल देखी गई है। इसके बाद वहां चलाए गए सर्च ऑपरेशन में आतंकी ठिकाना मिला, जिसे ध्वस्त कर दिया गया। मौके से तीन पिस्टल, मैगजीन, एके-47 के 2042 राउंड, स्नाइपर रायफल के 25 राउंड, पांच हथगोले, दो रेडियो सेट तथा अन्य सामान बरामद हुआ है।