- Hindi News
- एसएमएस से पता चल जाएगी ठेकेदारों को फाइल की स्थिति
एसएमएस से पता चल जाएगी ठेकेदारों को फाइल की स्थिति
शहरमें निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदारों ने सोमवार को नगर पालिका ने अपनी समस्याएं रखीं। पेमेंट को लेकर ठेकेदार खासे नाराज थे। सीएमओ ने कहा कि शासकीय प्रक्रिया में फाइल चलती है। मगर, ठेकेदारों को फाइल की स्थिति की जानकारी एसएमएस से मिल जाएगी। अध्यक्ष और सीएमओ ने स्पष्ट रूप से कहा कि वर्क आर्डर मिलने के बाद तय समयसीमा में कार्य हो जाने चाहिए। ठेकेदारों को होने वाली सभी समस्याओं का निराकरण समय के साथ होता जाएगा। डेढ़ घंटे तक चली बैठक में अमानत राशि, एसडी समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।
नगर पालिका परिषद के मीटिंग हॉल में दोपहर 12 बजे ठेकेदारों की बैठक शुरू हुई। इसमें तीन दर्जन से ज्यादा ठेकेदार मौजूद थे। ठेकेदारों की ओर से संघ के अध्यक्ष रंजीत सिंह ने बताया कि बिलों का भुगतान समय पर नहीं हो पाता। इस पर सीएमओ ने कहा कि शाकीय प्रक्रिया है। नियमानुसार कार्य करने होते हैं। फिर भी यदि बेवजह देरी की जा रही है तो संबंधितों पर भी कार्रवाई की जाएगी। फाइल की स्थिति, पेंडिंग होने का कारण और कार्रवाई की जानकारी ठेकेदारों को एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी। पांच फीसदी राशि जमा करने का भी ठेकेदारों ने विरोध किया। इस पर सीएमओ ने कहा कि शासकीय नियमों के मुताबिक ही राशि ली जा रही है। हालांकि पहले 8 फीसदी कटने वाली एसडी अब 5 फीसदी ही कटेगी। ठेकेदारों ने कहा कि अमानत राशि मिलने में महीनों लग जाते हैं। सीएमओ बोले कि राशि अब केवल तीन दिनों में वापस मिल जाएगी। फाइनल बिलिंग भी नपा में ही करने की व्यवस्था की जा रही है। ठेकेदारों को पीएफ एकाउंट शुरू करने की जानकारी दी गई। इस मौके पर अध्यक्ष मीनाक्षी मोहबे, सीएमओ अशोक शुक्ला, विनायक बागड़े, आरके वराठे सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
सारनी की नगरपालिका में ठेकेदारों की बैठक हुई।
कमीशन का मुद्दा उठा
नगरपालिका में कथित कमीशनखोरी का मामला भी बैठक में उठाया गया। ठेकेदारों ने कहा कि उनसे कमीशन पूरा मांगा जाता है। इसके बाद भी काम गुणवत्ता से किए जाने के लिए कहा जाता है। सीएमओ ने कहा कि नगर पालिका में किसी भी तरह से कमीशन नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि काम गुणवत्ता से किया जाए और समय सीमा में पूरी जांच होने के बाद फाइनल बिल बनेगा। ठेकेदार पूरा पेमेंट लेगा तो उसे पूरी गुणवत्ता से काम करना होगा।