पीके-2 माइन के पास बनाया रास्ता
पार्षदों की मांग पर यहां नपा बनाएगी पुलिया
सिटीरिपोर्टर|सारनी
पाथाखेड़ाको सारनी से सीधे जोड़ने के लिए अस्थाई रास्ते का निर्माण हो गया है। मगर, पॉवर जनरेटिंग कंपनी की सुरक्षा संबंधित आपत्तियों के बाद इसमें तेजी नहीं हो पाई है। पीके-2 माइन के पास से कच्चा रास्ता तैयार कर लिया गया है। क्षेत्र के पार्षदों की मांग पर नगर पालिका यहां पुलिया बनाएंगी। इसके बनने के बाद यह रास्ता काफी आसान हो जाएगा। रास्ता सीधे बजरंग कॉलोनी से जोड़ेगा।
सारनी से पाथाखेड़ा जाने के लिए फिलहाल घोड़ाडोंगरी मेन रोड वाला रास्ता ही शुरू है। लोगों को घूमकर यहां पहुंचना होता है। जबकि पाथाखेड़ा की आधे से ज्यादा आबादी दो नंबर क्षेत्र के आस-पास रहती है। पीके-2 माइन से सटा यह क्षेत्र सारनी से महज 1 किमी दूर है। जबकि बस स्टैंड होते हुए यहां पहुंचने में 6 से 7 किमी का फेर हो जाता है। इस फेर को कम करने के लिए लंबे समय से सारनी की एबी टाइप कॉलोनी होकर रास्ता निकालने की मांग की जा रही थी। नगर पालिका ने निर्माण कार्य भी शुरू किया। मगर, सुरक्षा संबंधित आपत्तियों के कारण काम रुक गया। इस बीच लोगों की मांग पर प्लांट के सीई ने रास्ता देने की बात कह दी। मगर, सीएचपी होते हुए नहीं। यानी बजरंग कॉलोनी से पीके-2 माइन होते हुए रास्ता संत रविदास कॉलोनी आएगा।
यहां से एबी टाइप को जोड़ा जाना है। फिलहाल कंपनी ने यहां काम रोक दिया है। हालांकि इसकी मौखिक अनुमति नगर पालिका को कंपनी द्वारा दे दी गई है। यानी आने वाले दिनों में काम शुरू हो जाएगा। क्षेत्र के पार्षद रमेश पवार ने बताया कि नगर पालिका से मांग कर यहां पुलिया बनाई जाएगी। इसके बाद रास्ता काफी सुगम हो जाएगा।
सारनी| पीके-2 खदान के पास से अस्थाई रोड बनाया गया है।