बैरियर के पास वे-बाय के लिए डाला ले-अाउट
पॉवर जनरेटिंग कंपनी बनाएगी दूसरा रोड, प्रशासन के निर्देश पर हुई कार्रवाई, बैरियर पर ब्रेकर तैयार
जागा प्रशासन
पॉवर जनरेटिंग कंपनी के बैरियर के पास वे-बाय बनाने के लिए ले-आउट डाल दिया है। पॉवर जनरेटिंग कंपनी इसका निर्माण करेगी। प्रशासन इसे लेकर सख्त हो गया है। जल्द ही इसका काम पूरा करना है। अब कंपनी ने तेजी से काम कर दिया है। भास्कर द्वारा मुद्दा उठाए जाने के बाद प्रशासन ने इसमें तेजी ला दी है।
पॉवर जनरेटिंग कंपनी के बैरियर पर अव्यवस्थाओं को धीरे-धीरे सुधारा जा रहा है। यहां ब्रेकर बनाने का काम पूरा कर लिया है। इस बीच कंपनी के इंजीनियर्स ने यहां वे-बाय (बैरियर की दूसरी ओर से रास्ता) बनाने के लिए ले-आउट डाला। जल्द ही रास्ता तैयार हो जाएगा। दरअसल, भास्कर द्वारा मुद्दा उठाए जाने के बाद प्रशासन इसे लेकर सख्त हाे गया है। कंपनी को तत्काल वे बाय बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए फिलहाल रास्ता तय कर लेआउट डाला जा रहा है। इसके बाद यहां की झाड़ियां आदि हटाकर रोड बनाई जाएगी। इसमें सारनी से जाने वाले डंपर इस सड़क पर खड़े हो सकेंगे। जबकि खदानों से कोयला लाने वाले डंपराें को बैरियर से 20 मीटर दूर ही खड़ा रखना होगा। एडीशनल चीफ इंजीनियर सिविल संजय पेंडोर ने बताया बैरियर के पास ब्रेकर बनाने का काम हो चुका है। यहां पर दूसरे ओर से वे बाय बनाने के लिए ले-आउट भी डाल दिया गया है। जल्द ही सड़क बन जाएगी।
ये आए सुझाव
सत्येंद्र साहू ने बताया बगडोना में पार्किंग की व्यवस्था की जानी चाहिए। प्रदीप कुंठे ने कहा अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग बंद होनी चाहिए। बगडोना के आर रघुवंशी ने बताया छतरपुर चौराहे पर शाम के समय पुलिसकर्मी तैनात रहना चाहिए।
जयस्तंभ से नहीं हट पाईं टैक्सियां
जयस्तंभ से बस स्टैंड हटाने के बाद भी टैक्सियां खड़ी रहती हैं। आरटीओ और पुलिस का इस ओर ध्यान नहीं है। यहां एक समय में 2 ही टैक्सियां रहनी चाहिए। शेष टैक्सियां पार्किंग में खड़ी रहनी चाहिए, लेकिन स्टाप पर ही 4 से ज्यादा टैक्सियां खड़ी रहती हैं। दूसरी ओर पॉवर जनरेटिंग कंपनी के गार्डन से सटकर स्टेट हाईवे पर ही टैक्सियां पार्क की जाती हैं। इससे हादसे का डर होता है।
बैरियर के पास वे-बाय बनाने के लिए ले आउट डाला।
पॉवर जनरेटिंग कंपनी को बैरियर सुधारने के निर्देश दिए थे। कंपनी ने काम किया है। भास्कर के मुद्दा उठाए जाने के बाद लगातार प्रशासन कार्रवाई कर रहा है। नपा ने लाइट भी लगा दिए हैं। वे-बाय बनाने का काम कंपनी द्वारा शुरू कर दिया है। जल्द ही निर्माण हो जाएगा। एमएल विजयवर्गीय, एसडीएम शाहपुर