- Hindi News
- 20 साल पहले बना अस्पताल भवन, अब तक नहीं हुआ शुरू
20 साल पहले बना अस्पताल भवन, अब तक नहीं हुआ शुरू
पुनर्वास क्षेत्र चोपना में बीस सालों से बनकर तैयार अस्पताल को शुरू कराने की मांग अब उठने लगी है। क्षेत्र में मौसमी बीमारियों के कहर के बाद यहां के महिला मंडल ने सांसद से मुलाकात कर इस 10 बिस्तरों वाले अस्पताल को शुरू करने की मांग रखी है। जागृति महिला मंडल निश्चिंतपुर के सदस्यों ने क्षेत्र के 32 गांवों के प्राइमरी स्कूलों में बंगला भाषा की शिक्षा देने की मांग भी रखी।
जागृति महिला मंडल की अध्यक्ष सुनीति मंडल, सचिव संध्या मंडल ने बताया कि पुनर्वास क्षेत्र में मौसमी बीमारियों का कहर बढ़ते जा रहा है। डेंगू, मलेरिया और डायरिया जैसी बीमारियां यहां पैर पसार रही हैं। मगर, यहां स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है। यहां के मरीजों को नागपुर और भोपाल ले जाना पड़ता हे। उन्होंने सांसद ज्योति धुर्वे से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि चोपना क्षेत्र में बीमारियों को देखते हुए तत्काल में अस्थाई शिविर लगाया जाना चाहिए। यहां चोपना-3 में बीस सालों पहले बने अस्पताल को शुरू किया जाना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने स्कूलों में बंगला भाषा की पढ़ाई करने, निश्चिंतपुर में हाईस्कूल भवन में पेयजल व्यवस्था करने की मांग भी रखी।