पूर्व जनपद सदस्य पर चोरी का केस दर्ज
टूलेन सड़क निर्माण कार्य कर रही दिलीप बिल्डकॉन कंपनी की सरिया चोरी करने के मामले में सारनी पुलिस ने पूर्व जनपद सदस्य पर चोरी का केस दर्ज किया है। मामले में लोहा और ट्रैक्टर, ट्राली भी जब्त की गई है। हालांकि पूर्व में मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन बाद में पुलिस ने केस दर्ज कर जब्ती की।
जानकारी के अनुसार दिलीप बिल्डकॉन कंपनी के मैनेजर अनिल शर्मा ने सोमवार देर रात सारनी थाने पहुंचकर सलैया के पास से सरिया चोरी करने की रिपोर्ट की। मामले में उन्होंने सलैया में रहने वाले फूलचंद यादव पर चोरी करने का आरोप लगाया। नामजद रिपोर्ट के आधार पर पुलिस पहले तो कार्रवाई नहीं कर रही थी। बाद में पुलिस ने फूलचंद यादव पर चोरी का केस दर्ज किया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली और करीब 10 क्विंटल लोहा जब्त किया है। जब्त लोहे की कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई जा रही है। बताया जाता है कि फूलचंद यादव घोड़ाडोंगरी क्षेत्र के पूर्व जनपद सदस्य है। हालांकि नेताओं ने मामले से अनभिज्ञता जाहिर की। मामले को लेकर टीआई अनूप सिंह नैन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर माल की जब्ती की गई है।